Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

शिविर में 40 समस्याएं दर्ज, 103 को लाभ, 63 के विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र हेतु लिए गए आवेदन

सूचना/पौड़ी/30 जनवरी, 2026:
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत भरोली में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों ने 40 शिकायतें दर्ज कीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 103 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया जबकि 63 लोगों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन पत्र भरे गए।

शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान होना चाहिए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंच सके। कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।

खंड विकास अधिकारी सुदर्शन सिंह बुटोला ने बताया कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी के साथ पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ दिया जा रहा है तथा अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए गए।

शिविर में कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, समाज कल्याण, पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति, राजस्व विभाग सहित 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। जिनमें विभिन्न योजनाओं से 103 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। जबकि 63 लोगों ने विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन पत्र भरे।

इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख कुलदीप नेगी, सिंचाई अधिशासी अभियंता श्रीनगर सचिन शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज, एडीओ पंचायत राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान नौगांव ओमपाल सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *