देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 के लिए 15 विभूतियों के नामों की घोषणा की है। प्रदेश के विकास, पहचान और प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में योगदान देने वाली इन हस्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

चयनित विभूतियों को 9 नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस वर्ष सम्मान सूची में राजनीति एवं शासन, चिकित्सा, उद्यमिता, फिल्म जगत, लोक संस्कृति, शिक्षा, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों को शामिल किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी को मरणोपरांत सम्मान
राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में योगदान के लिए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को मरणोपरांत उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया जाएगा।
चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज और फिल्म जगत में योगदान के लिए अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी को सम्मानित किया जाएगा।
लोक संस्कृति के क्षेत्र में लोक जागर गायिका हेमा नेगी करासी और लोक गायिका रेशमा शाह का चयन किया गया है। वहीं शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण को भी मिला स्थान
सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनीता थपलियाल शर्मा और कश्मीर सिंह को सम्मानित किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले पर्यावरणविद् सुरेश भाई को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।
खेल जगत की पांच प्रतिभाओं का चयन
इस वर्ष खेल क्षेत्र से पांच खिलाड़ियों को उत्तराखंड गौरव सम्मान के लिए चुना गया है। इनमें भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट, हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया, एथलीट अंकिता ध्यानी, मुक्केबाज निकिता चंद और कपिल पोखरिया शामिल हैं।
उत्तराखंड गौरव सम्मान-2026 के लिए चयनित 15 विभूतियां
- स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी – राजनीति एवं शासन (मरणोपरांत)
- डॉ. जीवन सिंह तितियाल – चिकित्सा
- मनमोहन भारद्वाज – उद्यमिता
- हिमानी शिवपुरी – फिल्म जगत
- हेमा नेगी करासी – लोक जागर गायन
- डॉ. गिरीश रंजन तिवारी – शिक्षा एवं पत्रकारिता
- अनीता थपलियाल शर्मा – सामाजिक सेवा
- कश्मीर सिंह – सामाजिक सेवा
- सुरेश भाई – पर्यावरण संरक्षण
- रेशमा शाह – लोक गायन
- एकता बिष्ट – क्रिकेट
- वंदना कटारिया – हॉकी
- अंकिता ध्यानी – एथलेटिक्स
- निकिता चंद – मुक्केबाजी
- कपिल पोखरिया – खेल
राज्य स्थापना दिवस पर इन सभी विभूतियों को सम्मानित किया जाना प्रदेश की प्रतिभाओं, उपलब्धियों और सामाजिक योगदान को पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर होगा।
