Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन

शहीद दिवस पर 04 शहीद सैनिकों के आश्रितों/वीर नारियों को किया गया सम्मानित

सूचना/पौड़ी/30 जनवरी, 2026:
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र, पौड़ी में विधिक जागरुकता एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिविल जज (सी.डि.)/सचिव, डालसा नाज़िश कलीम की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।

कार्यक्रम में सिविल जज (सी.डि.)/सचिव, डालसा नाज़िश कलीम ने देश की रक्षा में शहीद हुए चार सैनिकों के आश्रितों/वीर नारियों कांति देवी, छेला देवी, सुशीला देवी व कल्पेश्वरी देवी को नालसा वीर परिवार सहायता योजना–2025 के अंतर्गत शॉल ओढ़ाकर सम्मानित कर स्मृति-चिह्न भेंट किए। इस दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के आश्रितों, वीर नारियों एवं आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी प्रदान की गई।

सिविल जज (सी.डि.)/सचिव, डालसा नाज़िश कलीम ने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, महिला, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन एवं पूर्व सैनिकों से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए अमूल्य है तथा शहीदों के आश्रितों एवं वीर नारियों के सम्मान, संरक्षण और उनके विधिक अधिकारों की रक्षा हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर प्रतिबद्ध है।

आयोजित कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (सेवानिवृत्त) करन सिंह रावत, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, अध्यक्ष पूर्व सैनिक संगठन पौड़ी सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) राजेंद्र सिंह राणा, संरक्षक पूर्व सैनिक संगठन कैप्टन (सेवानिवृत्त) सुरेंद्र सिंह राणा, पैनल अधिवक्ता कुसुम नेगी, जिला डीएलएमए के अधिकार मित्र बबीता देवी, मनोज पाल सहित अनेक पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *