पलायन रोकने और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल, पीजी कॉलेज कोटद्वार में आयोजन प्रस्तावित

कोटद्वार। पौड़ी जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और पहाड़ से पलायन की चुनौती को कम करने के उद्देश्य से नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में कोटद्वार में वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों और औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों और नियोजकों से समन्वय स्थापित कर रिक्त पदों का विवरण जुटाने तथा प्रत्येक पद के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता, अनुभव और कौशल की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए।
आईटीआई से डिग्री कॉलेज तक के युवाओं को मिलेगा अवसर
रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आईटीआई, पॉलीटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, डिग्री कॉलेजों और इंटरमीडिएट स्तर के विद्यार्थियों तक सूचना पहुंचाई जाएगी। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों, सेवायोजन कार्यालयों और विकासखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। युवाओं के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल, दूरभाष और अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
पीजी कॉलेज कोटद्वार में होगा आयोजन
जिलाधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले का आयोजन डॉ. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में प्रस्तावित है। आयोजन की अंतिम तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी को संबंधित उपजिलाधिकारी के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर पंजीकरण, प्रवेश, साक्षात्कार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नौकरी के साथ करियर काउंसलिंग और स्वरोजगार की जानकारी भी
रोजगार मेले में औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से नौकरी और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग, साक्षात्कार की तैयारी, स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार एवं वित्तीय सहायता योजनाओं और पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित जानकारी के लिए अलग-अलग हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में औद्योगिक संघ के प्रतिनिधियों ने रोजगार मेले में सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर करन सिंह रावत (सेवानिवृत्त), महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग सहित औद्योगिक संघ एवं सिडकुल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
