आधुनिक कोल्ड स्टोरेज के माध्यम से ग्रामीण कृषि को सशक्त बनाना: कैसे वीसीएफ-एससी ने मीनाक्षीदेवी हाई-टेक एग्रो इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड को किसानों को सशक्त बनाने और सतत् आजीविका सृजित करने में सक्षम बनाया
PIB Delhi
कृषि भारत की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन फसल कटाई के बाद अपर्याप्त अवसंरचना के कारण अक्सर किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है और उनकी आय सीमित रह जाती है। आधुनिक कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं कृषि उपज के संरक्षण, उसकी गुणवत्ता में सुधार तथा उसकी भंडारण अवधि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जिससे किसानों के लिए बेहतर बाजार मूल्य सुनिश्चित होता है। यह दर्शाते हुए कि समय पर मिला संस्थागत सहयोग किस प्रकार ग्रामीण उद्यमों को रूपांतरित कर सकता है, सुश्री ए. अमुता देवी द्वारा प्रवर्तित मीनाक्षीदेवी हाई-टेक एग्रो इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड ने आधुनिक कोल्ड स्टोरेज सुविधा की स्थापना के माध्यम से तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में कृषि अवसंरचना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
कृषि मूल्य श्रृंखला को सुदृढ़ करने और ग्रामीण रोजगार सृजित करने में परियोजना की क्षमता को देखते हुए, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड (वीसीएफ-एससी) ने वर्ष 2017 में इक्विटी तथा वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर्स (ऑप्शनली कन्वर्टिबल डिबेंचर्स) से युक्त वेंचर कैपिटल सहायता के माध्यम से ₹4.95 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की। इस वित्तीय सहयोग से कंपनी को 5,000 एमटीपीए क्षमता वाली कोल्ड स्टोरेज इकाई स्थापित करने में सहायता मिली, जिसमें 1,000 एमटी क्षमता वाले पाँच कक्ष हैं, जिससे क्षेत्र में फसल कटाई के बाद भंडारण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
कृषि विकास के लिए आधुनिक कोल्ड स्टोरेज अवसंरचना
इस परियोजना ने कृषि उपज की बेहतर गुणवत्ता और अधिक भंडारण अवधि सुनिश्चित करते हुए संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग को संभव बनाया है। विश्वसनीय भंडारण अवसंरचना उपलब्ध कराकर इस उद्यम ने किसानों को मजबूरी में कम कीमत पर अपनी उपज बेचने के बजाय उसके लिए लाभकारी मूल्य प्राप्त करने में सक्षम बनाया है। इस पहल ने ग्रामीण क्षेत्रों में, विशेष रूप से कमजोर वर्गों से संबंध रखने वाले लोगों के लिए, रोजगार के अवसर भी सृजित किए हैं, जिससे समावेशी ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिला है।

अपनी इस यात्रा पर विचार व्यक्त करते हुए, सुश्री ए. अमुता देवी ने कहा:
“सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड (वीसीएफ-एससी) से प्राप्त सहयोग ने हमें एक आधुनिक कोल्ड स्टोरेज सुविधा स्थापित करने में सहायता की है, जिससे किसानों और ग्रामीण समुदायों को लाभ मिल रहा है। इस परियोजना ने प्रवर्तक के साथ-साथ श्रमिकों, विशेष रूप से अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार किया है, साथ ही सतत् कृषि विकास में भी योगदान दिया है।”
मीनाक्षीदेवी हाई-टेक एग्रो इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड की सफलता इस बात को दर्शाती है कि अनुसूचित जातियों के लिए वेंचर कैपिटल फंड (वीसीएफ-एससी) के तहत लक्षित वित्तीय सहायता किस प्रकार अनुसूचित जाति के उद्यमियों को ऐसे सतत् उद्यम स्थापित करने में सक्षम बना रही है, जो कृषि अवसंरचना को सुदृढ़ करते हैं, ग्रामीण रोजगार सृजित करते हैं और किसानों की आय में सुधार करते हैं। उद्यमिता को बढ़ावा देकर तथा अवसंरचना विकास को समर्थन प्रदान करके, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय देशभर में निरंतर उद्यमियों को सशक्त बनाने, आजीविका के अवसर सृजित करने और सतत् भविष्य के निर्माण का कार्य कर रहा है।
