Spread the love

उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कारों से सजे लोकसंस्कृति के सितारे, नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान

अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्योत्सव समारोह में किया सम्मानित, क्षेत्रीय सिनेमा के कलाकारों और फिल्मकारों को भी मिले पुरस्कार

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड की कला, संस्कृति और सिनेमा जगत की दो विशिष्ट विभूतियों को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को ₹2-₹2 लाख की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित इन पुरस्कारों के माध्यम से लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय भाषा के सिनेमा और फिल्म निर्माण में योगदान देने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं एवं तकनीकी विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया।

नरेंद्र सिंह नेगी ने लोकगीतों से संवारी सांस्कृतिक पहचान

वर्ष 2024 के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को अभिव्यक्ति दी है। वहीं, वर्ष 2025 के लिए यह सम्मान पाने वाले अभिनेता हेमंत पांडे ने हिंदी फिल्म एवं मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व किया।

वर्ष 2024 के फिल्म पुरस्कार

उत्तराखण्डी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म ‘घपरोल’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया। इसके लिए निर्माता अजय ढौंडियाल को सम्मानित किया जाएगा। सिद्धार्थ शर्मा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक एवं पटकथा लेखक, रमेश रावत को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और शिवानी भंडारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिलेगा।

अन्य पुरस्कारों में ‘कारा एक प्रथा’ के लिए अजय सिंह बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता, जौनसारी फिल्म ‘मेरे गांव की बाट’ के लिए मधुबाला को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और अजब सिंह को सर्वश्रेष्ठ गायक चुना गया। घपरोल के लिए विनय चानना सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर चुने गए।

वर्ष 2025 के फिल्म पुरस्कार

हिंदी फिल्म श्रेणी में ‘मनु क्या करेगा’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, ‘केसरी चैप्टर-2’ ने कई प्रमुख श्रेणियों में स्थान बनाया है। करण सिंह त्यागी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अनन्या पांडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, करण सिंह त्यागी एवं अमृत पाल को सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखक, आर. माधवन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और जुबिन नौटियाल को सर्वश्रेष्ठ गायक के लिए चयनित किया गया है।

उत्तराखण्डी बोली की फिल्मों में गढ़वाली फिल्म ‘रैबार’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है। इसके निर्माता भगत सिंह सैनी, निर्देशक सुशील उनियाल, पटकथा लेखक भगत सिंह सैनी, सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता राजेश नौगाई और सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफर धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया होंगे।

वहीं, गढ़वाली फिल्म ‘द्वि होला जब साथ’ के लिए मनीष डिमरी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, कल्याणी गंगोला को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और विकास भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ गायक चुना गया है।

पुरस्कार राशि और सम्मान

निर्धारित पुरस्कार राशि के अनुसार सर्वश्रेष्ठ फिल्म को ₹2 लाख, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को ₹1.50 लाख तथा सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अभिनेत्री, पटकथा लेखक, सहायक अभिनेता-अभिनेत्री, गायक और सिनेमेटोग्राफर को ₹1-1 लाख दिए जाएंगे। निर्माता एवं निर्देशक को स्वर्ण ब्रह्मकमल और प्रशस्ति पत्र तथा अन्य कलाकारों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को रजत ब्रह्मकमल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

सरकार के अनुसार, पुरस्कारों का चयन निर्णायक मंडल की संस्तुति के आधार पर किया गया है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना और गढ़वाली, कुमाऊंनी एवं जौनसारी सहित प्रदेश की क्षेत्रीय भाषाओं और लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *