चमोली के ग्राम वाण में बनेगी 84 वाहनों की आधुनिक पार्किंग, खर्च होंगे 1.36 करोड़ रुपये
नंदा राजजात यात्रा और रूपकुंड-बेदनी बुग्याल जाने वाले पर्यटकों को मिलेगी सुविधा, शौचालय और गार्ड रूम का भी होगा निर्माण
चमोली। उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल ग्राम वाण में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक सतही पार्किंग विकसित की जाएगी। आवास विभाग की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब 1 करोड़ 36 लाख 36 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। लगभग 2,300 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाली पार्किंग में एक साथ 84 वाहन खड़े हो सकेंगे।
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों पर तैयार इस परियोजना में पार्किंग के साथ शौचालय ब्लॉक और सुरक्षा एवं देखरेख के लिए गार्ड रूम भी बनाया जाएगा। पार्किंग का निर्माण ग्राम वाण में निर्माणाधीन हेलीपैड के समीप प्रस्तावित है।
समुद्र तल से लगभग 2,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित ग्राम वाण धार्मिक और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह विश्वप्रसिद्ध नंदा राजजात यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ मोटर मार्ग का अंतिम पड़ाव भी है। यहां स्थित लाटू देवता मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है।
इसके अलावा रूपकुंड और बेदनी बुग्याल की प्रसिद्ध ट्रेकिंग यात्राओं के लिए भी वाण महत्वपूर्ण आधार स्थल है। हर साल देश-विदेश से पर्यटक, प्रकृति प्रेमी और ट्रेकर्स यहां पहुंचते हैं। पर्यटन सीजन और धार्मिक आयोजनों के दौरान सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण वाहनों का दबाव बढ़ जाता है।
नई पार्किंग बनने से सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। शौचालय और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं से महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से नंदा राजजात यात्रा, लाटू देवता मंदिर और रूपकुंड-बेदनी बुग्याल आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।
