
मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा कि अगर सरकार ने अखाड़ों को जमीन उपलब्ध कराई तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परंपरा के हिसाब से मिली जमीन पर अपार्टमेंट बनाकर बेचने वाले संतों द्वारा सरकार से जमीन मांगना सरकारी जमीनों की लूट की तरह है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने अखाड़ों को जमीन दी तो मातृसदन कोर्ट में जाएगी और सरकार के खिलाफ संघर्ष किया जाएगा। बृहस्पतिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा कि अखाड़ों के पास बेशुमार संपत्ति है।
छावनी के लिए जो जमीन अखाड़ों को मिली है, उनमें माफिया के साथ मिलकर अखाड़ों ने अपार्टमेंट बनाकर बेच दिए हैं। अब सरकार से जमीन मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर साधु ही लूट में शामिल हो जाएंगे तो देश का क्या होगा।
उन्होंने कहा कि एक तरफ मातृसदन ने संघर्ष करके सरकार की 108 एकड़ भूमि माफिया से मुक्त कराई थी। दूसरी तरफ अखाड़ों के संत जमीन हड़पने की योजना बना रहे हैं।
