कोटद्वार के मोहम्मद साद ने भरी मुंबई की उड़ान, रिलायंस फाउंडेशन यंग चैंप्स ट्रायल के लिए चयनित
कोटद्वार। शहर के 13 वर्षीय होनहार फुटबॉलर मोहम्मद साद का चयन Reliance Foundation Young Champs के अनुभवात्मक शिविर एवं स्काउटिंग पहल के तहत मुंबई फाइनल ट्रायल के लिए हुआ है। साद आज दिल्ली से हवाई यात्रा कर मुंबई पहुंचेगा, जहाँ वह देशभर से चुने गए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगा।
रिलायंस फाउंडेशन यंग चैंप्स कार्यक्रम भारत के युवा फुटबॉलरों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, प्रतिभा पहचान और पूर्णतः वित्तपोषित आवासीय अकादमी में शामिल होने का अवसर प्रदान करता है। चयनित अंडर-14 खिलाड़ियों को शिक्षा, पोषण और मानसिक विकास के लिए संपूर्ण छात्रवृत्ति दी जाती है।
कोटद्वार फुटबॉल संघ द्वारा नि:शुल्क सहयोग के तहत मोहम्मद साद सहित पाँच उदीयमान खिलाड़ियों ने प्रथम चरण के चयन ट्रायल में देहरादून में भाग लिया। वहीं से साद का डायरेक्ट चयन मुंबई फाइनल ट्रायल के लिए किया गया।
झंडाचौक निवासी साद कान्वेंट स्कूल की कक्षा 6 के छात्र हैं। उनके पिता खुर्शीद अहमद उद्यमी हैं, जबकि माता शगुफ्ता परवीन गृहिणी हैं।
फुटबॉल फॉर स्कूल्स के समन्वयक सिद्धार्थ रावत ने वर्ष 2023 में साद की प्रतिभा को पहचानते हुए उनकी स्काउटिंग की और उन्हें ग्रासरूट स्तर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में कोच महेंद्र रावत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। वर्ष 2024 में साद ने खेलो इंडिया ट्रेनिंग कैंप जॉइन किया, जहाँ पूर्व खिलाड़ी एवं युवा कोच संदीप रावत ने उनकी स्किल्स पर कार्य किया। वर्ष 2025 में उन्होंने अपने नए कोच शिवा चौधरी के निर्देशन में तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
खेल संघ के ऑफिस सचिव ऋतिक ने बताया कि साद श्री सिद्धबली अकादमी के पंजीकृत खिलाड़ी हैं और नॉर्थ इंडिया ज़ोन से उनका चयन हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय कोच सुनील रावत ने शुभकामनाएँ देते हुए बताया कि रिलायंस की यह अकादमी Asian Football Confederation (AFC) द्वारा मान्यता प्राप्त टू-स्टार अकादमी है, जो नवी मुंबई में स्थित है और जिसका उद्देश्य पेशेवर फुटबॉलरों का निर्माण करना है।
सेवानिवृत्त कर्नल चंद्रपाल पटवाल एवं स्टेडियम इंचार्ज श्याम डांगी ने भी मोहम्मद साद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कोटद्वार के लिए यह गर्व का क्षण है कि शहर का एक युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। ⚽
