Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

सूचना/पौड़ी/31 दिसंबर 2025:
बाल विकास परियोजना जयहरीखाल द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज मठाली में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत ‘अफ़सर बिटिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरुक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत बुके एवं शाॅल भेंट कर किया गया।

सीडीपीओ डॉ. महबूब ख़ान द्वारा बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, बाल विवाह रोकथाम एवं घरेलू हिंसा से संबंधित जानकारी दी गई। पुलिस विभाग द्वारा साइबर अपराध, बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों से बचाव, संबंधित कानूनों एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी साझा की गई। स्वास्थ्य विभाग ने बालिका स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं कन्या भ्रूण हत्या जैसे विषयों पर जागरुक किया। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा बालिका शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं द्वारा निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी एवं नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया गया।

कार्यक्रम में ज्येष्ठ प्रमुख सुरेन्द्र सिंह नेगी, खंड शिक्षा अधिकारी अमित चंद तथा प्रधानाचार्य दीपक गौड़, पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर हरीश चंद्र, चिकित्साधिकारी, महिला मंगल दल, अभिभावक, शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *