:
उन्होंने उद्यमियों से पर्वतीय क्षेत्रों में भी निवेश करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि जल्द ही जौलीग्रांट हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाकर पूरी दुनिया से सीधी कनेक्टिविटी से जोड़ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार को भेल के कन्वेंशन हॉल में सीआईआई और प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट व औद्योगिक प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। अपनी सरकार की ओर से उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हमने पर्यटन को उद्योग का दर्जा देेने समेत कई ऐसे कदम उठाए हैं जिनसे उद्योगपतियों को आकर्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि हमारे यहां उद्योगों के लिए सकारात्मक माहौल है, कानून व्यवस्था बेहतर है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए संभावनाएं ज्यादा हैं, हमारे यहां के लोग मेहनती, ईमानदार और कर्मठ हैं। इन सबका लाभ उद्योगों को उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का 27 प्रतिशत भूभाग वनों से घिरा हुआ है। यहां चीड़ के वृक्ष ज्यादा हैं जिससे विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाए जा रहे हैं। राज्य के संतुलित विकास के लिए यह आवश्यक है कि मैदानों के साथ साथ पर्वतीय क्षेत्र में भी उद्योग लगें और वहां के लोगों को रोजगार मिले। इस दिशा में प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ऐसा ही कदम उठाकर पलायन रोका जा सकता है।
