Spread the love

भारत-नेपाल व्यापार को मिलेगा नया आयाम, सतपाल महाराज ने किया आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का निरीक्षण

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चंपावत जिले के बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में प्रस्तावित आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

 SHABD,Dehradun, February 25,

25 फरवरी 2026, चम्पावत:

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चंपावत जिले के बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में प्रस्तावित आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग पांच सौ करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना, भारतीय भू-सीमा पत्तन प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही है। 

निरीक्षण के बाद बनबसा में सतपाल महाराज की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन एवं विभागीय समन्वय तंत्र पर विस्तार से चर्चा हुई। 

सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह परियोजना अप्रैल 2027 तक पूर्ण कर ली जाए, ताकि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों एवं यात्री सुविधाओं का लाभ शीघ्र प्रारंभ हो सके। उन्होंने लैंड पोर्ट को अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली, डिजिटल निगरानी तंत्र एवं स्मार्ट प्रबंधन व्यवस्था से सुसज्जित किए जाने के भी निर्देश दिए। 

सतपाल महाराज ने कहा कि यह आधुनिक लैंड पोर्ट भारत और नेपाल के मध्य व्यापार और यात्री आवागमन के लिए एक समेकित, सुरक्षित तथा सुविधाजनक प्रणाली विकसित करेगा। यहाँ सीमा शुल्क, सुरक्षा, व्यापार एवं सीमा प्रबंधन से संबंधित सभी प्रमुख एजेंसियाँ एक ही परिसर में कार्य करेंगी, जिससे प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं तीव्रता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक परिदृश्य में व्यापक परिवर्तन का माध्यम बनेगी और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करेगी।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *