वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि नवाचार, उन्नत प्रौद्योगिकियां, स्टार्टअप, लघु और मध्यम उद्यम भारत के आर्थिक विकास के अगले चरण को गति प्रदान करेंगे।
SHABD,AIR, July 30,
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि नवाचार, उन्नत प्रौद्योगिकियां, स्टार्टअप, लघु और मध्यम उद्यम भारत के आर्थिक विकास के अगले चरण को गति प्रदान करेंगे। नई दिल्ली में आयोजित 22वें जे.आर.डी. टाटा स्मृति व्याख्यान में श्री गोयल ने कहा कि देश को उत्कृष्टता के लिए प्रयासरत रहना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धा के माध्यम से वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करें।
श्री गोयल ने नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कई पहलों का उल्लेख, जिनमें एक लाख करोड़ रुपये का अनुसंधान, विकास और नवाचार कोष, इंडियाएआई मिशन और दूसरे चरण के सेमीकंडक्टर मिशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये पहल देश के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत करेंगी और उभरती प्रौद्योगिकियों के विकास में तेजी लाएंगी।
श्री गोयल ने कहा कि सरकार अनुपालन के बोझ को कम करके, पुराने कानूनों को अपराध की श्रेणी से हटाकर और व्यापार करने में सुगमता बढ़ाकर एक अनुकूल कारोबारी माहौल बना रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग की अगुवाई में कौशल विकास को आंदोलन बनना चाहिए और सरकार इसे एक अनुकूल पारिस्थितिकी तंत्र के माध्यम से सहयोग प्रदान करे।
उद्योग से अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास में अधिक निवेश करने का आह्वान करते हुए, श्री गोयल ने उद्यमियों और निवेशकों से स्वदेशी डीप-टेक स्टार्टअप्स को प्रारंभिक चरण में सहयोग देने और उन्हें नवाचार से व्यावसायीकरण और वैश्विक स्तर तक पहुंचने में मदद करने का आग्रह किया।

