‘गढ़वाल गौरव’ समाचार पत्र के प्रथम अंक का हुआ प्रकाशन, जिला सूचना अधिकारी को भेंट की प्रति

देहरादून। उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, लोकजीवन, जनसरोकारों एवं क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रकाशित होने जा रहे समाचार पत्र ‘गढ़वाल गौरव’ के प्रथम अंक के प्रकाशन पर जिला सूचना अधिकारी, देहरादून को समाचार पत्र की प्रति भेंट की गई।
इस अवसर पर समाचार पत्र के प्रथम अंक की प्रति भेंट करते हुए इसके प्रकाशन के उद्देश्य एवं आगामी कार्ययोजना से अवगत कराया गया। ‘गढ़वाल गौरव’ का उद्देश्य गढ़वाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विषयों को निष्पक्ष और प्रभावशाली ढंग से पाठकों के सामने प्रस्तुत करना है।
इस अवसर पर आशा व्यक्त की गई कि समाचार पत्र क्षेत्र की आवाज बनकर समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त संवाद सेतु की भूमिका निभाएगा तथा पत्रकारिता के मूल्यों और जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगा।
‘गढ़वाल गौरव’ परिवार ने पाठकों, शुभचिंतकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से समाचार पत्र पत्रकारिता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
