कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
तहसील थलीसैंण में आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीणों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं, सड़क एवं पेयजल से जुड़े विषय प्रमुखता से उठे
सीडीओ ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के दिए निर्देश
सूचना/पौड़ी/03 नवंबर, 2026:
आमजन की समस्याओं के समाधान और जनशिकायतों के निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में तहसील थलीसैंण में तहसील दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में किया गया। तहसील दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। इस दौरान कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं। कार्यक्रम में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों को प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए तथा अन्य प्रकरणों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों में न आना पड़े, इसके लिए विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाएं।
उन्होंने कहा कि तहसील दिवस शासन-प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के बेहतर संचालन और पात्र व्यक्तियों तक विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
तहसील दिवस में ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था, पंचायत भवनों की मरम्मत तथा मनरेगा के तहत जॉब कार्ड बनाए जाने से संबंधित विषय उठाए। सड़क संबंधी प्रस्तावों पर जानकारी देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि संबंधित कार्यों के एस्टीमेट भेजे जा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित कर आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही करने को कहा, ताकि सड़क सुधारीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा गुसाईं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
