पत्रकारों से आंदोलन समाप्त करने की अपील, मांगों पर केंद्र सरकार का सकारात्मक रुख – रक्षा खड़से
नई दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से ने आंदोलनरत पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनसे आंदोलन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार पत्रकारों की मांगों के प्रति सकारात्मक है और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को संबंधित मंत्रालयों के समक्ष रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। मंत्री के आश्वासन के बाद पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने आंदोलन की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है।
बैठक में वॉइस ऑफ मीडिया (VOM) की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हास्के, महाराष्ट्र राज्य कोर कमेटी के सदस्य कल्पेश महाले तथा महाराष्ट्र राज्य प्रचार प्रमुख बापूराव ठाकरे ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों की विभिन्न मांगों को केंद्रीय राज्य मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
