प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किए जाने का कार्य गतिमान है।
SHABD,Dehradun, August 11,
Relevance: Urgent
Category: Weather, Disaster, Planning, Government, People, Travel, Transportation
तमक नाले पर पुल बहने से नीति घाटी का संपर्क प्रभावित; राहत-बचाव कार्य जारी, मुख्यमंत्री कर रहे मॉनिटरिंग

प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किए जाने का कार्य गतिमान है।
11 अगस्त 2026, चमोली:
चमोली जिले की नीति घाटी क्षेत्र में बीते रोज़ भारी बारिश से तमक नाले पर बना पुल बहने के कारण इस घाटी में संपर्क प्रभावित है। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किए जाने का कार्य गतिमान है।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति व नुकसान का आंकलन करने को कहा, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था से जुड़े कार्यों में देरी न हो।
दस अगस्त की दोपहर में भारी बारिश के कारण आई इस प्राकृतिक आपदा के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई, जबकि कुछ वाहन भी मलबे और तेज बहाव में बह गए। घटना का मंजर इतना भयावह था कि आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में सीमा सड़क संगठन (BRO) का एक व्यक्ति भी लापता बताया जा रहा है, जिसकी खोज में NDRF और SDRF की टीमें जुटी हुई हैं।
स्थानीय लोग प्रशासन से नुकसान का जल्द आंकलन कर प्रभावित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार इस तरह की घटनाएं होने से क्षेत्र में हमेशा डर का माहौल बना रहता है।
प्रभारी जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी-नालों के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

उधर, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से भी चमोली सहित प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर 24×7 नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन व संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा सके।
(इस स्टोरी फोल्डर में)
बाइट-लक्ष्मण बुटोला, स्थानीय निवासी
बाइट– अनूप नेगी, ब्लॉक प्रमुख, ज्योर्तिमठ
बाइट– विवेक प्रकाश, प्रभारी जिलाधिकारी, चमोली
फोटो एवं वीडियो (कैप्शन_ तमकनाले में अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किए जाने का कार्य जारी)
फाइल फोटो– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
