Spread the love

कद ऊंचा होने से कोई बरगद नहीं बनता, बरगद बनने के लिए दूसरों को छाया देने वाला दिल चाहिए।

पद, प्रतिष्ठा और पहचान से कोई बड़ा नहीं होता; बड़ा वह होता है जिसके व्यक्तित्व की छाया में दूसरे भी फलते-फूलते हैं।

आज हर व्यक्ति बरगद बनना चाहता है। हर कोई चाहता है कि समाज में उसका नाम हो, लोग उसका सम्मान करें, उसकी बात सुनी जाए और उसके आसपास लोगों की भीड़ हो। लेकिन एक बुनियादी सवाल है—क्या केवल ऊंचा पद, बड़ी कुर्सी, धन, प्रतिष्ठा और प्रभाव किसी व्यक्ति को बरगद बना सकते हैं?

शायद नहीं!

बरगद गमलों में नहीं उगा करते। उन्हें फैलने के लिए जमीन चाहिए, जड़ों को गहराई देने के लिए जगह चाहिए और अपनी शाखाओं को विस्तार देने के लिए खुला आकाश चाहिए। ठीक इसी तरह इंसान को बड़ा बनने के लिए बड़ी सोच, विशाल हृदय और सबको साथ लेकर चलने का भाव चाहिए।

समाज में आज एक विचित्र विरोधाभास दिखाई देता है। लोग नेतृत्व तो चाहते हैं, लेकिन दूसरों को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते। सम्मान चाहते हैं, लेकिन दूसरों का सम्मान करना भूल जाते हैं। अपने लिए अवसर चाहते हैं, लेकिन दूसरों के लिए रास्ते बंद कर देते हैं। सहयोग की अपेक्षा रखते हैं, लेकिन स्वयं सहयोग करने में संकोच करते हैं।

यही छोटी सोच का गमला है।

बरगद की सबसे बड़ी विशेषता यह नहीं कि वह कितना ऊंचा है, बल्कि यह है कि उसकी छाया कितने लोगों को आश्रय देती है। उसकी शाखाओं से नई जड़ें निकलती हैं और वे भी जमीन से जुड़कर एक नया विस्तार तैयार करती हैं। वह अपने विस्तार से दूसरे जीवन को जगह देता है।

इंसान का व्यक्तित्व भी ऐसा ही होना चाहिए।

बड़ा आदमी वह नहीं जिसके आसपास छोटे लोग खड़े हों, बल्कि बड़ा वह है जो अपने आसपास के लोगों को भी बड़ा बनने का अवसर दे।

राजनीति हो, पत्रकारिता हो, सामाजिक संगठन हों, व्यापार हो या सार्वजनिक जीवन—हर जगह नेतृत्व की असली परीक्षा इसी बात से होती है कि आपके साथ काम करने वाले लोग कितने आगे बढ़े। आपने कितने नए नेतृत्व तैयार किए? कितने लोगों को अवसर दिया? कितने लोगों की आवाज बने? कितने लोगों के संघर्ष में उनके साथ खड़े हुए?

दुर्भाग्य से हमने नेतृत्व को सेवा के बजाय सत्ता, सहयोग के बजाय नियंत्रण और संगठन को सामूहिक शक्ति के बजाय व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का माध्यम बना दिया है।

हम चाहते हैं कि लोग हमारे पीछे चलें, लेकिन हम उनके साथ चलने को तैयार नहीं होते। हम चाहते हैं कि हमारी प्रशंसा हो, लेकिन दूसरों की उपलब्धियों को स्वीकार करने में हमारा अहंकार आड़े आ जाता है।

यह बरगद बनने की इच्छा नहीं, बल्कि गमले में अपनी ऊंचाई नापने की आदत है।

उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में इस सोच पर विशेष रूप से विचार करने की आवश्यकता है। यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन अवसरों, संसाधनों और सामूहिक नेतृत्व का विस्तार सीमित है। पहाड़ों से पलायन केवल रोजगार का संकट नहीं, बल्कि अवसरों और संभावनाओं के सिकुड़ने की कहानी भी है। यदि समाज के प्रभावशाली लोग, संस्थाएं और नेतृत्व नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के बजाय अपने छोटे-छोटे दायरों में सिमटे रहेंगे तो विकास की जड़ें गहरी कैसे होंगी?

हमें ऐसे बरगद चाहिए जो अपनी छाया में नए पौधों को पनपने दें, न कि ऐसे गमले जिनमें केवल अपनी ही जड़ों को फैलाने की जगह हो।

यह भी समझना होगा कि बड़ा मन रखने का अर्थ हर बात पर सहमत होना नहीं है। इसका अर्थ है विचारों में मतभेद के बावजूद व्यक्ति के प्रति सम्मान बनाए रखना। किसी की सफलता से असुरक्षित महसूस न करना। किसी की प्रतिभा को स्वीकार करना और किसी कमजोर व्यक्ति को भी बराबरी से खड़े होने का अवसर देना।

समाज में वास्तविक परिवर्तन तब आता है जब व्यक्ति अपनी उपलब्धियों को केवल अपनी सफलता नहीं, बल्कि सामूहिक विकास का आधार बनाता है।

अंततः सवाल यह नहीं कि आप कितने बड़े हैं, सवाल यह है कि आपके होने से कितने लोग बड़े हो पाए?

पद एक दिन छूट जाता है, कुर्सी बदल जाती है, प्रतिष्ठा का दौर भी समाप्त हो जाता है। लेकिन जिन लोगों को आपने आगे बढ़ाया, जिनके संघर्ष में साथ दिया और जिन्हें अपनी छाया में खड़े होने का अवसर दिया, उनके जीवन में आपका स्थान बना रहता है।

इसलिए बरगद बनने की कोशिश कीजिए, केवल ऊंचाई हासिल करने की नहीं।

मन बड़ा रखिए, सोच बड़ी रखिए, अपनापन रखिए और सबके लिए एक समान भाव रखिए।

क्योंकि छोटी सोच के लोग अपनी पहचान बचाने में जीवन गुजार देते हैं, जबकि बड़ी सोच के लोग दूसरों की पहचान बनाने में योगदान देते हैं।

और याद रखिए—

बरगद अपनी ऊंचाई से नहीं, अपनी छाया से पहचाना जाता है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *