Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

सीएमओ ने दुगड्डा, डाडामंडी, यमकेश्वर सहित नीलकंठ एमआरपी सेंटर का किया औचक निरीक्षण

सूचना/पौड़ी/20 सितंबर, 2026:
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने दुगड्डा, डाडामंडी, यमकेश्वर क्षेत्र सहित एमआरपी सेंटर नीलकंठ का भ्रमण कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, आपातकालीन एवं प्रसव सेवाओं तथा आवश्यक औषधियों की उपलब्धता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में सीएमओ ने पीएचसी दुगड्डा का कार्यदायी संस्था आरडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पीएचसी डाडामंडी, पीएचसी पोखाल, पीएचसी भृगुखाल, सीएचसी यमकेश्वर, पीएचसी लक्ष्मणझूला, पीएचसी द्विउली तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर कस्याली, ठांगर, बड़ैथ एवं पोखाल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई व्यवस्था नियमित एवं बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रसव केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी रखने के साथ संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए भी कहा।

उन्होंने औषधि भंडार का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर एवं अन्य मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं प्रभावी रहें, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जिला समन्वयक शुभम, कनिष्ठ अभियंता आयुष एवं कनिष्ठ सहायक प्राची उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *