ब्रिटेन की पुलिस (Britain Police) ने लंदन में दस पर्यावरण कार्यकर्ताओं (Environmental Activists) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कार्यकर्ता एक्सटिंक्शन रिबेलियन समूह (Extinction Rebellion group) से जुड़े थे, जो जलवायु संकट (Climate Crisis) को लेकर सोमवार को व्यापक आंदोलन करने वाला है। समूह के साथ-साथ पुलिस ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
समूह ने शनिवार को गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए ट्वीट किया, ‘हाईवे व अन्य मुख्य सड़कों को जाम करने के नाम पर ये गिरफ्तारियां हुई हैं।’ उधर, लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने गिरफ्तारी की वजहों पर कोई बयान नहीं दिया है।
बिल्डिंग में रखा था प्रदर्शन का सामान
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार पुलिस पर्यावरण कार्यकर्ता समूह एक्सटिंक्शन रिबेलियन द्वारा इस्तेमाल की जा रही बिल्डिंग का दरवाजा तोड़कर वहां घुसी थी। उस इमारत में सोमवार के प्रदर्शन से संबंधित सामान रखे थे। इस समूह से अप्रैल में भी यहां 11 दिनों तक प्रदर्शन किया था। उनके प्रदर्शन के चलते सड़कों व सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही बाधित हुई थी।
वित्त मंत्रालय में पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने फेंका था लाल रंग
पिछले गुरुवार को समूह के कुछ कार्यकर्ताओं ने फायर इंजन की मदद से यहां के वित्तीय मंत्रालय के मुख्यालय पर लाल रंग फेंका था। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जलवायु संकट पर सरकार की विफलता लोगों के सामने लाने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया था।
मालूम हो कि जलवायु संकट से ब्रिटेन ही नहीं पूरा देश जूझ रहा है। हाल ही में संयुक्त राष्ट्र (United Nation) में जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग (Greta Thunberg) ने पूरी दुनियो को अपनी स्पीच के माध्यम से जागरुक किया था। वहीं, अब ब्रिटेन में सोमवार को जलवायु कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने वाले थे। आंदोलन की तैयारियों के बीच एक्सटिंक्शन रिबेलियन समूह से जुड़े दस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
