रुड़की। बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में सोमवार से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गई। 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक चलने वाली इस भर्ती रैली में उत्तराखंड के सात जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थी भी शामिल हो रहे हैं।
रैली में चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। भर्ती प्रक्रिया में प्रतिदिन एक हजार से अधिक युवाओं के पहुंचने की संभावना है।
जून में सीईई पास करने वाले अभ्यर्थी ही पात्र
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अनुसार, रैली में वही अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) उत्तीर्ण किया है।
अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में निर्धारित तारीख और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा। उन्हें भर्ती प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सभी मूल दस्तावेज भी साथ लाने होंगे।
दलालों से सावधान रहने की अपील
प्रशासन की ओर से अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह के दलाल या बिचौलिये के झांसे में नहीं आने की सलाह दी गई है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित योग्यता और सेना के तय मानकों के आधार पर की जा रही है।
युवाओं से अपील की गई है कि भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें और किसी व्यक्ति को भर्ती कराने के नाम पर पैसे न दें।
