कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
मौके पर निरीक्षण और विभागीय समन्वय से प्रकरणों के समाधान पर जोर
सूचना/पौड़ी/05 अक्टूबर 2026:
अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, वन, परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निकाय सहित अन्य विभागों से संबंधित 22 प्रकरण रखे। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण करते हुए प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में मौके पर जांच अथवा संयुक्त निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई आगे बढ़ाएं। साथ ही पूर्व में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रमों में प्राप्त प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जनता दर्शन में खिर्सू क्षेत्र के संपर्क मार्ग पर पेयजल लाइनों से संबंधित प्रकरण पर जल संस्थान को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। ग्वाड़ गांव में जर्जर विद्युत पोलों से संबंधित प्रकरण पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान ग्वाड़ महिपाल सिंह द्वारा हाईस्कूल के प्रमाणपत्र की मान्यता से संबंधित प्रकरण पर एडीपीआरओ ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। अपर जिलाधिकारी ने प्रकरण को आगे की कार्रवाई के साथ समयबद्ध रूप से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में खिर्सू के सिंगोरी गांव में पशुधन से संबंधित मुआवजे के प्रकरण पर वन विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पौड़ी गांव में पेयजल आपूर्ति से संबंधित प्रकरण पर जल संस्थान को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत डांगी में प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित प्रकरण पर अपर जिलाधिकारी ने प्रशासक को रोस्टर के अनुसार गांव में उपस्थित रहकर विकास कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, कल्जीखाल क्षेत्र में शहीद मनीष पटवाल मोटर मार्ग पर बस संचालन से संबंधित प्रकरण में परिवहन विभाग एवं लोनिवि को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी क्षेत्र में घंडियालधार-कुनकली सड़क की मरम्मत से संबंधित प्रकरण पर लोनिवि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एडीएम ने पौड़ी बस अड्डे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के आवेदन पर पुलिस विभाग को सर्वे कर आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका पौड़ी के वार्ड संख्या पांच में रास्तों की मरम्मत तथा उरंडी में हर घर नल योजना से संबंधित प्रकरणों पर संबंधित विभागों को मौके का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सविता देवी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित आवेदन पर एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकता होने पर संबंधित मरीज को सेलाकुई स्थित मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त प्रकरणों पर निरंतर फॉलोअप किया जाए तथा कार्रवाई की प्रगति से संबंधित आवेदकों को भी अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों के प्रकरणों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त प्रकरणों की नियमित समीक्षा के साथ उनके निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, सीओ तपेश कुमार चन्द, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टीएस रावत, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, सहायक संख्याधिकारी रणजीत सिंह, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
