Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

पौड़ी/सूचना/05 अक्टूबर 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सेवा संकल्प–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत नगर पंचायत थलीसैंण क्षेत्र में पूर्वी नयार नदी के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में नदी क्षेत्र की साफ-सफाई के साथ स्थानीय लोगों को नदी, प्राकृतिक जलस्रोतों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुक किया गया।

अभियान के दौरान उपस्थितजनों ने नदी क्षेत्र में सफाई करते हुए प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्रित किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने आमजन से अपील की कि प्लास्टिक एवं अन्य कचरा नदी, गदेरे अथवा जलस्रोतों में न डालें और प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि नदियां जीवन का आधार हैं और इनके प्रदूषित होने का सीधा असर पर्यावरण, स्वच्छता एवं मानव स्वास्थ्य पर पड़ता है।

अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दीपक प्रताप ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान या एक दिन तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से नदी एवं प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण के साथ अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सत्येंद्र सेमवाल, पर्यावरण संरक्षक ललित ममगाईं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्र संघ अध्यक्ष मानशी, बच्चन सिंह भंडारी, आशा राम पोखरियाल तथा स्थानीय नगरवासी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *