Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

94 वरिष्ठ नागरिक और आठ दिव्यांगजन सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित

सूचना/पौड़ी/05 अक्टूबर 2026:
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से विकासखंड बीरोंखाल में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत किया गया।

शिविर में पात्र लाभार्थियों की आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण, चिन्हीकरण एवं पंजीकरण किया गया। शिविर में 94 वरिष्ठ नागरिकों और आठ दिव्यांगजनों समेत कुल 102 लाभार्थियों का सहायक उपकरणों के लिए चयन किया गया। चयनित लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणपत्र और निर्धारित आय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाणपत्र जरूरी है। लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की दो-दो छायाप्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होते हैं। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख कुलदीप नेगी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह, समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, बीडीओ सुदर्शन सिंह बुटोला, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *