Spread the love

कोटद्वार, 31 मार्च:
वार्ड संख्या 29, घमंडपुर कोटद्वार में सोमवार को एक दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता अनीता रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पार्षद एवं जनसेवक अमित नेगी, योगाचार्य शोभा रावत तथा आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. सुमित प्रधान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शिविर में आयुर्वेद विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श दिया। मरीजों को उनकी बीमारियों के अनुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां भी वितरित की गईं। चिकित्सकों ने बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए संतुलित आहार, दिनचर्या और जीवनशैली में सुधार पर विशेष जोर दिया।

मुख्य अतिथि अनीता रावत ने कहा कि आयुर्वेद न केवल उपचार का माध्यम है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का एक सशक्त मार्ग भी है। ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का संचालन संजीव चंद्र ने किया। इस दौरान चिकित्सकीय टीम में अमित कंडवाल, सतीश कोहली, सुनील कुमार सहित अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे। जनहित सहयोग में उमेद सिंह नेगी, रोशन सिंह, उर्मिला देवी, कृष्णा देवी और धीरेंद्र पटवाल सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *