Spread the love

देश की राजधानी में पत्रकारों का राष्ट्रीय महासम्मेलन

27–28 जुलाई को नई दिल्ली में होगा वॉइस ऑफ मीडिया का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन

नई दिल्ली | प्रतिनिधि

देश के पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा करने तथा भारतीय पत्रकारिता की भावी दिशा तय करने के उद्देश्य से वॉइस ऑफ मीडिया (VOM) एवं VOM इंटरनेशनल फोरम के संयुक्त तत्वावधान में 27 एवं 28 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विश्व युवक केंद्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है।

प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से प्रदेश अध्यक्ष, पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार तथा मीडिया जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां भाग लेंगी।

अधिवेशन के दौरान पत्रकार सुरक्षा, पत्रकारिता के समक्ष उभरती चुनौतियाँ, डिजिटल मीडिया की बढ़ती भूमिका, पत्रकारों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ, कौशल विकास, प्रेस की स्वतंत्रता, मीडिया की विश्वसनीयता तथा पत्रकार कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। विभिन्न सत्रों में देश के वरिष्ठ एवं अनुभवी पत्रकार प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन करेंगे तथा राज्यों के सफल अनुभवों और पहलों का आदान-प्रदान भी होगा।

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में पत्रकारों के हितों से जुड़े 30 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जिन्हें भारत सरकार को सौंपा जाएगा। पत्रकारों की समस्याओं और अपेक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में यह अधिवेशन अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वॉइस ऑफ मीडिया एवं VOM इंटरनेशनल फोरम के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काले तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हस्के ने देशभर से आमंत्रित प्रतिनिधियों, पत्रकारों और पदाधिकारियों से इस राष्ट्रीय अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अधिवेशन पत्रकारों की एकजुटता को और मजबूत करेगा तथा भारतीय पत्रकारिता के भविष्य को नई दिशा प्रदान करेगा।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *