डॅा० पी०द०ब०ही० राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में आज कारगिल विजय दिवस की 21 वीं वर्षगांठ को ऑनलाइन गूगल मीट के माध्यम से बड़ी धूम-धाम से मनाया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० जानकी पंवार ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कैबिनेट मंत्री डॉ० हरक सिंह रावत, मंत्री वन एवं वन्य जीव, पर्यावरण एवं ठोस अपशिष्ट, श्रम, सेवायोजन,कौशल विकास आयुष एवं आयुष शिक्षा उत्तराखंड सरकार का हार्दिक अभिनंदन व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कैबिनेट मंत्री डॉ० हरक सिंह रावत ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सभी शहीदों की शहादत को नमन करते हुए कहा कि आपका बलिदान युगों-युगों तक हमें ऊर्जा प्रदान करता रहेगा। आपने देश की आजादी से लेकर पाकिस्तान युद्ध, मुंबई के आतंकवादी हमले, कारगिल युद्ध, सर्जिकल स्ट्राइक सभी को याद करते हुए भारतीय सैनिकों, गढ़वाल रेजीमेंट और कुमाऊँ रेजीमेंट के शूरवीरो को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। आपने बताया कि आपमें देश प्रेम की भावना आपकी घर की पृष्ठभूमि से रही है। आप आज भी एक सिपाही के बेटे होने का गर्व अपने हृदय में संजोए हुए हैं।
मंत्री जी ने बताया कि 25 वर्षों तक आपने गढ़वाल विश्वविद्यालय में सैन्य विज्ञान विषय में अपनी सेवाएं दी हैं। माननीय मंत्री जी ने अपने पिछले सेवाकाल में सैनिक कल्याण मंत्री के रूप में अपने कार्यों के अनुभव को भी साझा किया। आपने महाविद्यालय के समस्त कैडेट्स को इसी ऊर्जा और लगन के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। आपने महाविद्यालय के कैडेट को परेड हेतु ग्राउंड के जीर्णोद्धार एवं स्मार्ट क्लास के निर्माण के लिए अपना आशीर्वाद दिया। आपने महाविद्यालय के एन०सी०सी० कैडट्स को हर संभव मदद करने का ऐलान किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० जानकी पंवार ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन सभी शूरवीर को श्रद्धा सुमन अर्पित किए जिन्होंने अपना लहू बहाकर देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आपने उन शहीदों को जन्म देने वाली माताओं को भी नमन किया। महाविद्यालय के कैडेट मयंक नेगी ने शहीदों की याद में व्याख्यान दिया। अंजलि नेगी ने शहीदों को स्वयं रचित पंक्तियों के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। कैडेट काजल ने कविता के माध्यम से शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शुभम और अन्य ने अपनी अपनी प्रस्तुतियां दी।
महाविद्यालय की एन०सी०सी० प्रभारी डॉ० तनु मित्तल ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कैबिनेट मंत्री डॉ० हरक सिंह रावत जी एवं महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो० जानकी पंवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। आपने बताया कि माननीय मंत्री जी ने अपने सभी व्यस्त कार्यक्रमों को निरस्त करते हुए महाविद्यालय के एन०सी०सी० कैडेट्स के साथ कारगिल विजय दिवस मनाया। डाॅ० तनु मित्तल ने बताया कि माननीय मंत्री जी ने अपने शब्दों से सभी कैडेट्स को ऊर्जा से भर दिया और आपने आशा कि भविष्य में इसी तरह कैडेट्स का समय-समय पर मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर डॉ० डी० एम० शर्मा, डॉ० ऋचा जैन, डॉ० प्रियंका अग्रवाल, डॉ० अंशिका बंसल, अंकेश चौहान एवं महाविद्यालय के समस्त कैडेट्स उपस्थित रहें।
