Spread the love

Blog single photo

फिल्मजगत के महानायक अमिताभ बच्चन व उनके फिल्म अभिनेता बेटे अभिषेक बच्चन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके तीनों बंगलों को सील कर दिया गया है। अमिताभ बच्चन के संपर्क में आने वाले तथा तीनों बंगलों प्रतीक्षा, जलसा व जनक के सभी कर्मचारियों की भी कोरोना जांच की जा रही है। साथ ही मुंबई नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी तीनों बंगलों को सेनिटाइज कर रहे हैं।
शनिवार की रात तकरीबन 10 बजे खुद अमिताभ बच्चन व अभिषेक बच्चन नानावटी अस्पताल में भर्ती हुए थे। इन दोनों में कोरोना के हल्के लक्षण पाए गए हैं, जबकि अमिताभ बच्चन की पत्नी जया बच्चन, बहू ऐश्वर्या बच्चन व पोती आराध्या बच्चन की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।
रविवार को नानावटी अस्पताल से ही अमिताभ बच्चन ने उनके संपर्क में आए सभी लोगों को अपनी कोरोना जांच करवाने की अपील की है। अमिताभ बच्चन ने नानावटी अस्पताल प्रशासन से उनका स्वास्थ्य बुलेटिन जारी न करने की भी अपील की है। अमिताभ बच्चन ने कहा है कि वह बहुत जल्द ठीक हो जाएंगे। साथ ही अपनी तबियत की जानकारी वह खुद लोगों को देते रहेंगे।
महापौर किशोरी पेडणेकर ने कहा कि मुंबई नगर निगम की टीम अमिताभ बच्चन के तीनों बंगलों का सेनिटाइजेशन कर रही है। हर बंगले में 8 कर्मचारी सेनिटाइजेशन के लिए लगाए गए हैं। इसके साथ ही तीनों बंगलों को पूरी तरह सील कर प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। तीनों बंगलों में काम करने वाले कर्मचारियों की भी कोरोना जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि अमिताभ बच्चन के तीनों बंगले जुहू में मुंबई नगर निगम के वेस्ट विभाग में हैं। बच्चन के बंगले के आस-पास अब तक 3500 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। इसलिए यहां प्रशासन पूरी तरह सतर्कता से सेनिटाइजेशन का काम कर रहा है।

Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *