भारतीय युवाओं को पहली नौकरी दिलाने में मदद करेगा गूगल

खास बातें
- गूगल पे एप के जरिये विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए सीधे कर सकते हैं आवेदन
- देशभर के जॉब का होगा ब्योरा
- 6.7 करोड़ सक्रिय उपभोक्ता हैं अभी गूगल पे के देश में
- गूगल-पे से जोड़ सकेंगे डेबिट-क्रेडिट कार्ड
- गूगल लैंस भी अन्य भारतीय भाषाओं में भी
- टोल फ्री नंबर पर करें गूगल असिस्टेंट से बात
गूगल के महाप्रबंधक (पेमेंट एवं वाइस) सीजर सेनगुप्ता ने कहा कि गूगल पे एप के जरिये ही युवा नौकरी के लिए विभिन्न कंपनियों में सीधे आवेदन कर सकेंगे। वर्तमान डिजिटल मीडिया का नया स्पॉट जॉब है और गूगल पे इसकी पहुंच आसान बनाने पर काम कर रहा है।
यहां युवाओं को डिलीवरी बॉय या सेल्स एक्जीक्यूटिव जैसी शुरुआती स्तर की नौकरियां दिलाने में मदद की जाएगी। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग जैसी तकनीक से लैस यह प्लेटफॉर्म योग्यता और अनुभव के आधार पर युवाओं को जॉब के विकल्प दिखाएगा।
भारत में अभी गूगल पे के करीब 6.7 करोड़ सक्रिय उपभोक्ता हैं, जो हर साल अरबों ट्रांजेक्शन इस भुगतान एप से करते हैं। कंपनी ने कहा कि इस पहुंच का फायदा नए जॉब प्लेटफॉर्म पर भी मिलेगा।
गूगल पे ने अपने जॉब पोर्टल पर 24सेवन, स्विगी, डुंजो सहित होटल और सेवा उपलब्ध कराने वाली 25 से ज्यादा कंपनियों को जोड़ रखा है। सेनगुप्ता ने कहा कि भविष्य में इस प्लेटफॉर्म पर कोई अपनी जॉब को पोस्ट कर सकेगा, चाहे वो बड़ा कारोबारी हो या छोटी दुकान चलाने वाला।
