Spread the love

जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, पहचान और कल्याण पर चर्चा

प्रयागराज। देशभर में कार्यरत पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके हितों की रक्षा के लिए यूनिक आईडी व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया है।

जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया की वर्चुअल मासिक बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए पत्रकारों के लिए एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुराग सक्सेना ने बताया कि संगठन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक सुझाव पत्र भेजा गया है। इसमें देशभर में कार्यरत पत्रकारों का व्यवस्थित विवरण एक पोर्टल पर दर्ज करने और प्रत्येक पत्रकार को विशिष्ट पहचान संख्या (यूनिक आईडी) देने का सुझाव शामिल है।

एक पोर्टल पर दर्ज हो पत्रकारों का विवरण

डॉ. सक्सेना ने कहा कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) की तर्ज पर प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) अथवा किसी अन्य उपयुक्त व्यवस्था के माध्यम से पत्रकारों का पंजीकरण किया जा सकता है। इससे पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ उनके कार्यक्षेत्र और आवश्यकताओं से संबंधित जानकारी एक जगह उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन, आंदोलन और अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में पत्रकारों को अपने काम के दौरान पहचान संबंधी सुविधा तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने में ऐसी व्यवस्था सहायक हो सकती है।

पत्रकार हितों के लिए योजनाएं बनाने में मिलेगी मदद

बैठक में शामिल पत्रकारों ने कहा कि देशभर में कार्यरत पत्रकारों का व्यवस्थित आंकड़ा उपलब्ध होने से उनकी संख्या, समस्याओं और जरूरतों का आकलन करने में मदद मिलेगी। इससे पत्रकारों के हित में योजनाएं बनाने और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाने का रास्ता खुल सकता है।

बैठक में उत्तर प्रदेश से बी. त्रिपाठी और संजय सिंह, राजस्थान से राजू चारण, मध्य प्रदेश से दिनेश दसौंधी, हरिशंकर पाराशर और माईन अख्तर, बिहार से पिंटू कुमार तथा चंडीगढ़ से आर.एल. शर्मा और नीरज श्रीवास्तव सहित विभिन्न राज्यों के पत्रकारों ने विचार रखे।

संगठन की जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने का आह्वान

बैठक का संचालन करते हुए राष्ट्रीय संयोजक डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव ने पत्रकारों से संगठन के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने के साथ संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन किया जाना चाहिए।

अंत में डॉ. श्रीवास्तव ने बैठक में शामिल पदाधिकारियों और पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *