Spread the love

नई दिल्ली। देरी से पहुंचे मॉनसूनी बादल पिछले दिनों उत्तराखंड के कई जिलों में जमकर बरसे। इसके बाद अब पहाड़ों पर रुक-रुक कर लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं। वहीं, बारिश की वजह से भूस्खलन होने के कारण कई राजमार्गों पर भी रास्ता बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर आ रही है, जहां से आए दिन भूस्खलन की खबरें मिल रही हैं। पिछले कुछ दिनों में हालांकि बारिश की रफ्तार में कुछ कमी आई है, लेकिन अब एक बार फिर मौसम विभाग की तरफ से उत्तराखंड के 6 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

24 और 25 जुलाई को लेकर अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में उत्तराखंड में मंद हुई मॉनसून की रफ्तार अब एक बार फिर से तेज होने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि 24 और 25 जुलाई को उत्तराखंड के 6 जिलों- नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, उधमसिंह नगर, देहरादून और पौड़ी में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। आपको बता दें कि बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। उत्तराखंड में चल रहे कांवड़ मेले को देखते हुए प्रशासन से कांवड़ियो के लिए भी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *