📰 Udaen News Network विशेष रिपोर्ट
🔴 यूकेएसएसएससी परीक्षा प्रकरण : मुख्यमंत्री धामी ने छात्रों से धरना स्थल पर किया संवाद, सीबीआई जांच कराने पर सहमति
देहरादून, परेड ग्राउंड।
यूकेएसएसएससी परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण को लेकर परेड ग्राउंड में आंदोलनरत युवाओं के बीच आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक पहुँचे। उन्होंने छात्रों का पक्ष ध्यानपूर्वक सुना और सीबीआई जांच कराने पर सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “युवा त्योहारी सीजन और गर्मी में आंदोलन कर रहे हैं, यह देखकर मुझे भी अच्छा नहीं लगता। सरकार का संकल्प है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो।”
उन्होंने युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड के छात्र-छात्राएं पढ़ाई के बाद सरकारी नौकरी के लिए कड़ी तैयारी करते हैं और जीवन के खूबसूरत सपने बुनते हैं। धामी ने कहा कि वे खुद भी छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और युवाओं की भावनाओं को भली-भांति समझते हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि –
फिलहाल जांच हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में एसआईटी कर रही है, लेकिन युवाओं की मांग को देखते हुए अब सीबीआई जांच की संस्तुति की जाएगी।
आंदोलन के दौरान यदि युवाओं पर कोई मुकदमे दर्ज हुए हैं तो उन्हें वापस लिया जाएगा।
पिछले चार साल में 25 हज़ार से अधिक सरकारी भर्तियां पारदर्शी तरीके से हुई हैं, जिन पर कोई शिकायत नहीं आई।
उन्होंने कहा कि “मैं चाहता तो युवाओं से बातचीत कार्यालय में भी हो सकती थी, लेकिन उनके कष्ट को देखकर मैंने धरना स्थल पर आने का निर्णय लिया। सरकार का उद्देश्य है कि युवाओं के मन में किसी तरह का संदेह या अविश्वास न रहे।”
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृतकाल के विकसित भारत में उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी.
