Spread the love

कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर

सूचना, पौड़ी, 10 मई 2025: माननीय उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर), समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति, उत्तराखण्ड सरकार श्री देशराज कर्णवाल ने शनिवार को अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान श्रीनगर स्थित नगर निगम सभागार में आयोजित समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ अवश्य पहुंचाया जाए।

राज्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज कल्याण की योजनाओं का ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थी योजनाओं से जुड़ सकें। उन्होंने प्रचार के लिए बड़े आकार के बैनर और होर्डिंग्स लगाने की आवश्यकता पर बल दिया।

माननीय उपाध्यक्ष ने कहा कि जनपद में बारहवीं तक के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत 51 हजार छात्रों में से एससी/एसटी/ओबीसी वर्ग के सभी पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया में कोई व्यवहारिक दिक्कतें हैं, तो उन्हें समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग और तहसील प्रशासन के समन्वय से हल किया जाए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि वर्ष 2024-25 के लिए एसीपी योजना के अंतर्गत 9 प्रस्ताव स्वीकृत हुए हैं, जिनके लिए 24 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि निर्माणाधीन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया जाए और योजनाओं के पूरा होने पर संबंधित जानकारी जैसे लागत, कार्यारंभ व पूर्णता तिथि को बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामलों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाइयों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की त्रैमासिक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए।

इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित किसान पेंशन योजना में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर और अधिक पात्र किसानों को इस योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने खिर्सू ब्लॉक के भटोली की रिया और चौखाल की पिंकी को व्हीलचेयर, तथा नगर निगम श्रीनगर के संदीप कुमार और संदीप सिंह को छड़ी वितरित कर सहायता प्रदान की।

समीक्षा बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी श्रीनगर श्रीमती नूपुर वर्मा, जिला विकास अधिकारी श्रीमती मनविंदर कौर, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री रोहित डोबरिया, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा श्री नरेंद्र प्रसाद टम्टा, गणेश भट्ट सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *