सूचना/पौड़ी, 01 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली दिवस के अवसर पर आज कोषागार पौड़ी में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एन पी एस) से संबंधित विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिफ्टवार प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य कार्मिकों को एन पी एस से संबंधित प्रक्रियाओं, प्रावधानों एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना रहा।
कार्यशाला में मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद्र तथा एन पी एस विशेषज्ञ अमन रौथाण द्वारा प्रतिभागियों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली से संबंधित आवश्यक जानकारी, दिशा-निर्देश एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी दी गई।
इस दौरान PRAN (स्थायी सेवानिवृत्ति खाता संख्या) से संबंधित नया पंजीकरण, खाते में विवरण में संशोधन, नामांकन अपडेट तथा एन पी एस खाते से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही डीडीओ पंजीकरण, लॉगिन प्रक्रिया, डीडीओ की भूमिका एवं दायित्व के संबंध में भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
कार्यशाला में अंशदान एवं मिलान वेतन से होने वाली कटौती, मिसिंग क्रेडिट आदि से संबंधित जानकारी भी दी गई। साथ ही इनपीएस के अंतर्गत सामान्य सेवानिवृत्ति, समय पूर्व निकासी, आंशिक निकासी तथा मृत्यु/दिव्यांगता की स्थिति में मिलने वाले लाभ के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की गई।
इसके अलावा कार्मिकों को सी आर ए (प्रोटियन) पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के उपयोग के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें अपने एन पी एस खाते से संबंधित ट्रांसक्शन स्टेटमेंट डाउनलोड करने, खाते की स्थिति देखने तथा Tier-1 एवं Tier-2 से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों द्वारा एन पी एस से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं एवं समस्याएं भी रखी गईं, जिनका अधिकारियों एवं विशेषज्ञ द्वारा आवश्यक जानकारी देते हुए समाधान किया गया। कार्यशाला के माध्यम से कार्मिकों को एन पी एस से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझने तथा डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का प्रभावी उपयोग करने में सहायता मिली।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
