Spread the love

एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे: विधायक पोरी

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) द्वारा नयारघाटी के बिलखेत में आयोजित 30 दिवसीय पैराग्लाइडिंग अभ्यास शिविर का बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने शुभारंभ किया।

विधायक ने हरी झंडी दिखाकर पैराग्लाइडिंग अभ्यास का शुभारंभ किया। शिविर में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे 20 प्रशिक्षणार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक ने कहा कि बिलखेत क्षेत्र में एयरो स्पोर्ट्स की असीमित संभावनाएं हैं। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए बिलखेत में राष्ट्रीय स्तर का पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण संस्थान विकसित करने की कार्यवाही भी गतिमान है। उन्होंने कहा कि नयार नदी में एंग्लिंग और बोटिंग सहित पर्यटन से जुड़ी कई अन्य योजनाएं भी पाइपलाइन में हैं। इन योजनाओं के धरातल पर आने से क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि 01 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले 30 दिवसीय अभ्यास शिविर में यूटीडीबी के पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ बलवंत कपकोटी के निर्देशन में प्रशिक्षणार्थी नियमित अभ्यास करेंगे और पैराग्लाइडिंग की तकनीकी बारीकियों से भी परिचित होंगे। उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान प्रशिक्षणार्थी ढाढ़ूखाल से टेक-ऑफ कर बिलखेत के समीप स्थित मैदान में लैंडिंग करेंगे।

शिविर में टिहरी, भीमताल, देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 20 प्रशिक्षणार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस दौरान पैराग्लाइडिंग विशेषज्ञ विक्रम सिंह नेगी, किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद के सदस्य राकेश नौडियाल, ग्राम प्रधान बिलखेत रश्मि देवी, प्रशिक्षक बलवंत कपकोटी सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *