सूचना/पौड़ी/01 अक्टूबर 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड थलीसैंण एवं जयहरीखाल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अभिभावकों को विभागीय योजनाओं एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई।

विकासखंड थलीसैंण के आंगनबाड़ी केंद्र ऐंठी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय महिलाओं की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं नियमित देखभाल से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही बच्चों और महिलाओं के लिए संचालित विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इसी तरह विकासखंड जयहरीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र भितरा में भी आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों एवं अभिभावकों की सहभागिता रही। इस दौरान बच्चों के समुचित पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल तथा आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और विभागीय सेवाओं से जोड़ने के साथ ही समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं का लाभ लेने की अपील की गई।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
