आजादपुर मंडी बंद होने के कगार पर
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप की वजह से एशिया की सबसे बड़ी मंडी आजादपुर बंद होने के कगार पर है। अधिकतर व्यापारी संक्रमण के डर के साथ ही मंडी प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर कारोबार बंद किए हुए हैं। हालांकि मंडी प्रशासन का दावा है कि सभी दुकानें खुल रही है और आवश्यक खाद्य पदार्थ की बिक्री में इजाफा हुआ है। आवश्यक खाद्य पदार्थों की बिक्री करने की स्वीकृति तो सरकार ने दी है, लेकिन व्यापारी अपने स्वास्थ्य को लेकर सचेत हैं। आजादपुर मंडी में पिछले दिनों कोरोना वायरस की वजह से एक कारोबारी की मौत और दो लोगों के संक्रमित होने के बाद मंडी में डर व भय का माहौल है। ऐसी स्थिति में विक्रेता मंडी से से दूरी बनाए हुए है। मंडी में करीब 1422 दुकानें हैं। इनमें बड़ी दुकानें, जिनके पास चार लाइसेंस है वह 438 के करीब है।
मंडी में डर का माहौल, कई दुकानें बंद : मल्होत्रा
एग्रीकल्चर प्रोडयूस मार्केटिंग कमेटी (एपीएमसी) के सदस्य अनिल मल्होत्रा ने बताया कि कोरोना से कारोबारी की हुई मौत के बाद मंडी में डर का माहौल है। डी-ब्लॉक की 292 दुकानें बंद है। इसी तरह बी-ब्लॉक की दुकानें भी बंद है। उन्होंने बताया कि सरकार की नीतियों के कारण व्यापार बंद हो रहा है। एक भी मेडिकल सेंटर मंडी में नहीं है। शुक्रवार को जांच टीम जरूर पहुंची थी, लेकिन यह महज एक दिखावा था। बिना वजह पांच हजार रुपये का चालान किया जा रहा है। एक व्यापारी हरवीर सिंह ने बताया कि मंडी में 900 से अधिक छोटी दुकानें है। यहां खुदरा व्यापार भी होता है। माल नहीं मिलने के कारण वे अपनी दुकानें बंद रखने को मजबूर है। जिनके लाइसेंस बने हुए है वह डर के कारण मंडी नहीं पहुंचते है। व्यापारी राजीव ने बताया कि रात में डी-ब्लॉक की दुकानें बंद हो जाती है। इसके बाद सन्नाटा छा जाता है। फलों की दुकानें बंद हैं। सिर्फ अनार व आम की दुकानें खुली हैं। सोमवार से यह भी बंद हो जाएगा। माल नहीं लेने का निर्णय लिया गया है।
मंडी में एक व्यक्ति की मौत से दहशत
आजादपुर मंडी में शनिवार को भी अफरातफरी मच गई। दरअसल सब्जीमंडी की दुकान नंबर 236 के नीचे एक व्यक्ति मृत पाया गया। मंडी के एक व्यापारी ने मृत शरीर का फोटो भी साझा किया है। इसी तरह एक ऑडियो साझा करते हुए बताया कि किसी सोनू नाम के व्यक्ति संक्रमण का शिकार है। ऑडियो में यह भी कह रहा है कि अगर एक सप्ताह तक मंडी खुली रही तो स्थिति बुरी होने वाली है। इसी तरह एक अन्य ऑडियो में यह मैक्स अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमण के शिकार व्यक्ति कह रहा है कि मंडी से चार आढ़ती भर्ती है। दुकान नंबर 1421 वाले अशोक, चीकू व मौसमी के आढ़ती भी अस्पताल में भर्ती है।
सोशल डिस्टेंसिंग का नहीं हो रहा पालन
दिल्ली सरकार ने कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई कदम तो उठाए है बावजूद भीड़ के सामने सभी नियम छोटे पड़ रहे है। आजादपुर मंडी 24 घंटे खुल रही है। बावजूद व्यापारी, आढ़ती, पल्लेदार व मजदूरों के बीच सामाजिक दूरी के नियम का पालन नहीं हो रहा है। सब्जियों और फलों से लदे ट्रक और टेंपो शनिवार को भी जाम में फंसे रहे।
आवक में 30 फीसदी का इजाफा :आदिल अहमद
एपीएमसी के चेयरमैन आदिल अहमद खान ने कहा है कि मंडी अन्य दिनों की तरह खुली रही। मंडी में फल और सब्जियों की आवक में कोई कमी नही है। आवक में लगभग 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी बढ़ोत्तरी ही र्ज की गई है। फल और सब्जियों के रेट भी सामान्य है। कोरोना से बचने के लिए मंडी में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
Download Amar Ujala App for Breaking News in Hindi & Live Updates. https://www.amarujala.com/channels/downloads?tm_source=text_share
