Spread the love

उत्तराखण्ड के MSME उद्यमियों के लिए वैश्विक बाजार के नए द्वार, मुक्त व्यापार समझौतों से बढ़ेंगे निर्यात के अवसर

देहरादून। उत्तराखण्ड के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने और राज्य के निर्यात को नई गति देने के उद्देश्य से देहरादून में ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना’ (Leveraging Free Trade Agreements–FTAs) विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

क्षेत्रीय प्राधिकरण, विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT), दिल्ली तथा उद्योग निदेशालय, उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में उद्यमियों, निर्यातकों और उद्योग संगठनों को विभिन्न देशों के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के प्रावधानों, सीमा शुल्क में मिलने वाली रियायतों और निर्यात की संभावनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में MSME मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि यह पहल उत्तराखण्ड के उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और न्यूजीलैंड जैसे देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों से भारतीय उत्पादों को विदेशी बाजारों में शून्य अथवा रियायती सीमा शुल्क पर प्रवेश के अवसर मिल रहे हैं।

आठ वर्षों में निर्यात 10,836 करोड़ से बढ़कर 13,802 करोड़

मंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड का निर्यात वर्ष 2017-18 में 10,836 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13,802 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि इन्वेस्ट उत्तराखण्ड सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में 6,932 परियोजनाओं के लिए 70,397 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है।

पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए पौड़ी, चमोली और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं।

किन क्षेत्रों को मिल सकते हैं निर्यात के अवसर?

केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित वर्मा और अपर महानिदेशक विदेश व्यापार निखिल वर्मा ने मुक्त व्यापार समझौतों के व्यावहारिक पहलुओं पर जानकारी दी।

इस दौरान विशेष रूप से निम्न विषयों पर चर्चा हुई:

  • मुक्त व्यापार समझौतों के अंतर्गत सीमा शुल्क में रियायतें।
  • उत्पादों के मूल देश संबंधी नियम (Rules of Origin)।
  • निर्यात संवर्धन मिशन (EPM)।
  • जिलों को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल (DEH)।
  • अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता।

कृषि से लेकर हस्तशिल्प तक संभावनाएं

कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, सेवा क्षेत्र और इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात अवसरों पर विशेषज्ञों ने प्रस्तुतियां दीं।

महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग सौरभ गहरवार ने प्रदेश के औद्योगिक परिवेश, निवेश संभावनाओं और निर्यात संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

उद्योग निदेशालय के अधिकारियों ने निर्यात नीति के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय प्रोत्साहनों, गुणवत्ता प्रमाणन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के बारे में भी बताया।

उद्योग संगठनों ने किया प्रतिभाग

कार्यशाला में PHDCCI, CII, EEPC, EPCH, APEDA और SEPC सहित विभिन्न निर्यात संवर्धन परिषदों एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। संवाद सत्र में उद्यमियों ने निर्यात प्रक्रिया, मुक्त व्यापार समझौतों के उपयोग और विदेशी बाजारों तक पहुंच से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के सामने रखा।

संपादकीय दृष्टिकोण: उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का अवसर

मुक्त व्यापार समझौते उत्तराखण्ड के उद्यमियों के लिए केवल व्यापारिक रियायत नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक बाजार से जोड़ने का अवसर हैं।

विशेष रूप से पहाड़ के बुरांश, माल्टा, आंवला, मंडुवा, झंगोरा, जैविक कृषि उत्पाद, औषधीय पौधों से बने उत्पाद, हस्तशिल्प और स्थानीय खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां इससे लाभ उठा सकती हैं।

हालांकि, इसके लिए केवल समझौते की जानकारी पर्याप्त नहीं है। छोटे उद्यमियों को निर्यात गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, उत्पाद परीक्षण, शेल्फ लाइफ, परिवहन और विदेशी खरीदारों तक सीधी पहुंच की व्यवस्था भी चाहिए।

वास्तविक सफलता तभी होगी जब उत्तराखण्ड के छोटे उद्यमी केवल निवेश प्रस्तावों तक सीमित न रहें, बल्कि अपने स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित कर सकें।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *