Spread the love

कृषि उपज को मंडी तक पहुंचाएगा किसान रथ, घर बैठे मंगा सकेंगे ट्रक, ट्रैक्टर, कृषि मशीनरी

नई दिल्ली। लॉकडाउन के दौरान गेहूं की कटाई और मड़ाई के बाद उपज को मंडियों तक ले जाने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए ‘किसान रथ’ नामक मोबाइल ऐप लांच किया है। इसके मार्फत किसान अपने घर बैठे इस मोबाइल ऐप पर ट्रक, ट्रैक्टर और अन्य कृषि मशीनरी किराये पर बुलाकर सकता है। यह मोबाइल ऐप कृषि व किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को यहां लांच किया।

किसान रथ ऐप पर ट्रक बुक करा कर उपज को मंडियों में भेज सकते हैं

किसान रथ ऐप पर फिलहाल कुल 5.7 लाख ट्रक उपलब्ध हैं, जिन्हें किसान अपनी जरूरत के हिसाब से उबर टैक्सी की तर्ज पर बुक कर सकते हैं। बुक करते समय ही ट्रांसपोर्टर से किराया, लोडिंग और अनलोडिंग के बारे में मोल भाव किया जा सकता है। किसान अपनी किसी भी उपज को अपनी जरूरत के हिसाब से संबंधित मंडियों में भेज सकता है।

किसान रथ ऐप पर कस्टम हायरिंग सेंटर भी दर्ज हैं

इसके अलावा किसान रथ ऐप पर कस्टम हायरिंग सेंटर भी दर्ज हैं। इसके मार्फत खेती की अन्य जरूरतों के लिए मशीनरी भी बुक की जा सकती है। ऐप पर 14 हजार से अधिक कस्टम हायर सेंटरों (सीएचसी) के 20 हजार से अधिक ट्रैक्टर भी रजिस्टर्ड हैं। इससे किसानों के साथ ट्रांसपोर्टरों को भी काम मिलेगा, जिसका दोनों पक्ष फायदा उठा सकते हैं। सरकार की ओर से इसकी निगरानी भी की जाएगी, ताकि किसानों का नुकसान न हो सके।

किसानों को हर समय वाहन व मशीनरी उपलब्ध रहेंगे

खेती के ऐन मौके पर किसानों को मशीनें और वाहनों की भारी जरूरत पड़ती है। उपलब्धता न होने की वजह से उसे मुंह मांगा किराया देना पड़ता है। इस समस्या से निजात पाने के लिए किसान रथ बहुत फायदेमंद साबित होगा। इससे किसानों को जहां हर घड़ी वाहन व मशीनरी उपलब्ध रहेगी, वहीं कस्टम हायर सेंटर में दर्ज वाहनों व मशीनरी के मालिकों को हर समय काम के मौके मिलेंगे। यह मोबाइल ऐप देश के सभी राज्यों के किसानों के लिए जारी किया गया है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *