सीडीओ पौड़ी ने ग्रामीण क्षेत्रों में हाट बाजार तैयार करने के दिये निर्देश
पौड़ी : मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु खुराना ने आज अपने कार्यालय कक्ष, विकास भवन, पौड़ी गढ़वाल में एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना (आई.एल.एस.पी.), उत्तराखण्ड विकेन्द्रीकृत जलागम विकास परियोजना एवं उत्तराखण्ड ग्राम्य विकास समिति (यू.जी.वी.एस.) की बैठक ली। उन्होंने तीनों एजेंसियों को निर्देशित किया कि एजेंसियों द्वारा किये जा रहे कार्यों की मासिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने एजेंसी द्वारा आयोजित ब्लाॅक स्तरीय बैठकों में बीडीओ को भी उपस्थित रहने के निर्देश दिये। साथ ही यू.जी.वी.एस. के अधिकारियों को भविष्य में बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित होने के भी निर्देश दिये।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं एजेंसी आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करें। कहा कि जो भी लोकल सामाग्री तैयार की जा रही है, उसकी पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दें तथा प्रोडक्ट का एफएसएसएआई में पंजीकरण भी करायें। उन्होंने आईएलएसपी अधिकारी को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ समन्वय कर पशु प्रजनन एवं नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान आदि के संबंध में 10 दिन के अन्दर प्रोजेक्ट बनाकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। कहा कि ग्रोथ सेंटर का सिविल वर्क 15 जनवरी तक संचालित किया जाना है। कहा कि सेब, अखरोट आदि के प्लाटेंशन के मुख्य उद्यान अधिकारी के साथ बैठक कर चर्चा कर लें। एजेंसी को निर्देशित किया कि कृषि एवं उद्यान विभाग के साथ समन्वय कर सप्लीमेंटरी प्लान तैयार कर लें, मनरेगा कनवर्जन का कार्य तथा मेढ़ो पर लेमन ग्रास लगवाने का कार्य आदि कार्य करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में परियोजना से जुड़े सभी रेखीय विभागों को ग्रामीणों के साथ बेहतर कार्य करने तथा समन्वय बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में हाट बाजार तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने परियोजना के तहत अभी तक किये गये कार्यों के सापेक्ष ग्रामीण क्षेत्रों में हुए भौतिक प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने रेखीय विभागों से योजनाओं को साझा करने तथा परियोजना के साथ कार्य करने को कहा।
आईएलएसपी अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष के जनवरी माह में जिला स्तरीय हिलांस आउटलेट, नैनो पैकेजिंग यूनिट का संचालन शुरू हो गया है। वहीं ज्योति आजीविका संघ कल्जीखाल तथा अन्य संघों द्वारा बेहतर कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहाड़ों में उत्पादित होने वाले विभिन्न उत्पादों को हिलांस के बैनर तले विपणन की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कलस्टर के आधार पर यह कार्य किये जा रहे हैं। मुख्य कृषि अधिकारी ने किसान मान धन योजना, किसान सम्मान निधि योजना तथा मुख्य उद्यान अधिकारी ने फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी तथा सभी से ब्लाॅक स्तर पर भी इसका प्रचार-प्रसार करवाये जाने की अपेक्षा की। बैठक में सहायक परियोजना निदेशक सुनील कुमार, मुख्य उद्यान अधिकारी डाॅ0 नरेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. एस.के.सिंह बत्र्वाल, मुख्य कृषि अधिकारी डी.एस. राणा, पीएम स्वजल दीपक रावत, डिप्टी प्रोजेक्ट डारेक्टर ग्राम्या डाॅ. डी.एस. रावत, डीपीडी आईएलएसपी आर.के मिश्रा, बीडीओ एकेश्वर सुमन लता, बीडीओ पौखड़ा मोहन चन्द्र, डीडीएम नाबार्ड भूपेन्द्र सिंह, एलडीएम पौड़ी नन्द किशोर सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
