Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

छतरीधार स्थित गोदाम में ईसीआईएल के अधिकृत इंजीनियर करेंगे जांच, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रण

सूचना/पौड़ी/22 अक्टूबर 2026:
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत 23 अक्टूबर 2026 से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में कोटद्वार रोड स्थित छतरीधार के ईवीएम-वीवीपैट गोदाम में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा यह प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी आर चौहान ने बताया कि एफएलसी की प्रक्रिया प्रतिदिन पूर्वाह्न 9 बजे से अपराह्न 7 बजे तक संचालित होगी। रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों में भी जांच कार्य जारी रहेगा। यह प्रक्रिया कार्य पूर्ण होने तक चलेगी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एफएलसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गयी हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक सामान्य एवं उप निर्वाचन में केवल एफएलसी में प्रमाणित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का ही उपयोग किया जाता है। जांच के दौरान निर्धारित मानकों के अनुसार मशीनों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों से एफएलसी प्रक्रिया के साक्षी बनने के लिए अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को भेजने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि निर्वाचन से जुड़ी तैयारियां पारदर्शी तरीके से संपन्न हों और आमजन का निर्वाचन व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *