कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल
सूचना/पौड़ी/22 अक्टूबर 2026:
पशुपालन विभाग के अपर निदेशक, गढ़वाल मंडल डॉ. बी.एस. जंगपांगी ने गुरुवार को श्रीनगर स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध अभिलेखों, विभागीय कार्यों की प्रगति और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार तथा विभागीय कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने अभिलेखों की जांच कर उनमें आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चिकित्सालय को आवंटित विभागीय लक्ष्यों की जानकारी लेते हुए उनकी शत-प्रतिशत पूर्ति पर जोर दिया। वर्तमान में संचालित पीपीआर एवं लम्पी स्किन डिजीज टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा टीकाकरण से संबंधित विवरण की ऑनलाइन बीपीए प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित निर्धारित लक्ष्यों को भी समय पर पूरा करने को कहा।

इसके उपरांत अपर निदेशक ने श्रीनगर में प्रस्तावित मॉडल पशु चिकित्सालय के निर्माण की तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने मॉडल पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए भवन ध्वस्तीकरण से संबंधित कार्यों का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिव्या नेगी, पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी प्रमोद कुमार, एलईओ चमधार ज्ञान प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
