Spread the love

उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी में नए सत्र से कई पाठयक्रमों में लागू होगा सेमेस्टर सिस्टम

खास बातें

  • स्नातक एवं पीजी के सभी पाठ्यक्रमों में सेमेस्टर से ही होगी पढ़ाई
  • बैठक में हुआ फैसला, वर्तमान में 70 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत 
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) में सत्र 2020-21 से स्नातक एवं परास्नातक के सभी पाठ्यक्रमों में सेमेस्टर सिस्टम लागू कर दिया जाएगा। मुक्त विश्वविद्यालय की बैठक में इस मुद्दे पर हरी झंडी मिलने के बाद तैयारी शुरू कर दी गई है। वर्तमान में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में करीब 70 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।

यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) ने देश भर में ओडीएल (मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली) पर संचालित सभी मुक्त विश्वविद्यालयों में सत्र 2020-21 से सभी पाठ्यक्रमों में सेमेस्टर सिस्टम लागू करने के आदेश जारी किए हैं। यूजीसी की इस अनिवार्यता को लेकर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में पिछले कई दिनों से विचार-विमर्श चल रहा था। इस संबंध में मुक्त विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सेमेस्टर सिस्टम लागू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।

बैठक में निदेशक अकादमिक प्रो. आरसी मिश्रा ने यूजीसी के पत्र का हवाला देते हुए सेमेस्टर सिस्टम लागू करने की अनिवार्यता के बारे में बताया। इस दौरान निदेशक प्रो. एचपी शुक्ल, निदेशक प्रो. गिरिजा शंकर पांडे, निदेशक विज्ञान एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो. पीडी पंत के अलावा विभिन्न पाठ्यक्रमों से जुड़े समन्वयक आदि मौजूद थे।

इन पाठ्यक्रमों में लागू होगा सेमेस्टर
बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी के सभी विषयों, एमकॉम, बीए इन योगा, बीटीएच (बैचलर ऑफ टूरिज्म) आदि कोर्स शामिल हैं।

इनमें पहले से है सेमेस्टर सिस्टम
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में करीब 82 पाठ्यक्रम लागू हैं, जिनमें से एमबीए, बीबीए, सोशल वर्क, कंप्यूटर साइंस और पत्रकारिता कोर्स समेत कई पाठ्यक्रम सेमेस्टर सिस्टम पर चल रहे हैं।

यूओयू में नये सत्र 2020-21 से सेमेस्टर सिस्टम लागू करने का फैसला लिया गया है। जुलाई 2020 में सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश सेमेस्टर के आधार ही किए जाएंगे। सभी कोर्सों की मौजूदा अध्ययन सामग्री (पुस्तकों) को सेमेस्टर सिस्टम के हिसाब से दो हिस्सों में विभाजित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही सेमेस्टर के हिसाब से पाठ्यक्रम को तैयार किया जाएगा। इसमें वक्त लगेगा। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।
-प्रो.आरसी मिश्रा, निदेशक अकादमिक


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *