Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन एवं दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया पर हुई चर्चा

सूचना/पौड़ी/18 अगस्त, 2026:
मतदाता नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन, मतदाता सूची में संशोधन तथा दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए तथा भरे हुए प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन किया गया। निर्धारित अवधि में गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके उपरांत 14 जुलाई 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया।

उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 1008 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं से संबंधित विसंगतियों एवं मैपिंग से जुड़े मामलों में बीएलओ द्वारा संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नोटिस के माध्यम से मतदाताओं से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नोटिस प्राप्त होने पर मतदाताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित मतदाता निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। उन्होंने सभी बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो तथा पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न की जाए।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपेक्षा की कि वे अपने स्तर से मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने एवं आवश्यक संशोधन कराने में सहयोग करें।

बैठक में बताया गया कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को प्रारूप-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन प्रपत्रों तथा संबंधित जानकारी को आमजन की सुविधा एवं जानकारी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट pauri.nic.in पर भी उपलब्ध कराया गया है।

इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श तथा राजनीतिक दलों से राजेन्द्र सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह, जगमोहन सिंह नेगी, महादेव प्रसाद बहुगुणा सहित अन्य उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *