डिस्कॉम लगाएगी आपकी छतों पर सोलर प्लांट, सरप्लस बिजली से कर सकेंगे कमाई भी op
- सोलर सिस्टम लगाने के लिए 40 फीसदी खर्च केंद्र सरकार देगी
- जल्द ही लांच होगी स्कीम, सिर्फ डिस्कॉम में देना होगा आवेदन
- 3 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले प्लांट पर सिर्फ 20 फीसदी की सब्सिडी
Moneybhaskar.com
Oct 31,2019 05:11:35 PM IST
नई दिल्ली। अब बिजली वितरण कंपनियां (डिस्कॉम) आपकी छत पर सोलर प्लांट लगाएगी। अगर आप इच्छुक है तो आपको सिर्फ डिस्कॉम से संपर्क करना होगा। बाकी सारा काम डिस्कॉम करेगी। सोलर प्लांट से उत्पन्न बिजली को घरों में इस्तेमाल कर सकेंगे। घर के इस्तेमाल से जो बिजली बच जाएगी या सरप्लस होगी, उसे डिस्कॉम खरीद भी लेगी। छत पर सोलर पावर लगवाने में आने वाली लागत का 40 फीसदी हिस्सा केंद्र सरकार देगी। केंद्र सरकार इस स्कीम को मंजूरी भी दे चुकी है। इसकी शुरुआत करने के लिए सिर्फ राज्य सरकार के साथ अंतिम खाका तैयार करना बाकी है।
इस साल तक होगा लांच
केंद्रीय बिजली और नवीन एवं नवीकरणीय मंत्री आर.के. सिंह ने मनी भास्कर को दिए साक्षात्कार में बताया कि छत पर सोलर पावर लगाने के लिए केंद्र की तरफ से दी जाने वाली सहायता राशि का आवंटन हो चुका है, सिर्फ प्रक्रिया फाइनल करना बाकी है। उन्होंने बताया कि छत पर 3 किलोवाट तक की क्षमता वाली सोलर सिस्टम लगाने पर सरकार 40 फीसदी तक सब्सिडी देगी। 3 किलोवाट से 10 किलोवाट तक के लिए 20 फीसदी की सब्सिडी मिलेगी। इससे अधिक होने पर सब्सिडी 10 फीसदी तक रह जाएगी। अभी अगर एक किलोवाट क्षमता के सोलर पावर लगवाने पर 50000 रुपए का खर्च होता है तो सरकार की तरफ से 20,000 रुपए मिल जाएंगे। मंत्रालय के मुताबिक डिस्कॉम को इस बात की जानकारी दे दी गई है। केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से इस मामले में अंतिम फैसला होते ही इस स्कीम को लांच किया जाएगा। सिंह ने मनी भास्कर को बताया कि हम जल्द ही इसे लांच करेंगे। उम्मीद है इस साल यह लांच हो जाएगा।
क्या करना होगा
स्कीम के लांच होने के बाद इच्छुक आवेदकों को डिस्कॉम को छत पर सोलर पावर लगवाने के लिए सूचित करना होगा। डिस्कॉम बिडिंग प्रक्रिया के तहत सोलर पावर लगाने वाली कंपनियों को सूचीबद्ध (इंपैनल) करेगी। इंपैनल्ड कंपनियां ही घरों की छतों पर सोलर पावर लगाने का काम करेंगी। केंद्र की तरफ से मिलने वाली राशि सीधे उस इंपैनल्ड कंपनी के खाते में जाएगी। सिंह ने बताया कि छत पर लगने वाले सोलर पावर से घरों में उस बिजली का इस्तेमाल होगा और जो बिजली बच जाएगी, उसे डिस्कॉम खरीद भी लेगी। यानी कि इससे कमाई भी हो सकती है।
किसानों के लिए भी स्कीम
सिंह ने बताया कि जल्द ही किसानों के लिए भी ऐसी स्कीम लांच करने जा रहे हैं। किसान बंजर भूमि वाली जमीन पर सोलर प्लांट लगा सकेंगे जिसमें केंद्र सरकार मदद करेगी। वैसे ही, सोलर पंप के माध्यम से खेतों में सिंचाई के साथ बची हुई बिजली को किसान बेच भी सकेंगे।
