हरिद्वार. उत्तराखंड में हरिद्वार रेलवे स्टेशन (Haridwar Railway Station) को देशभर के रेलवे स्टेशनों की स्वच्छता सर्वेक्षण रिपोर्ट (Cleanliness survey report) में दसवां स्थान प्राप्त हुआ है. स्टेशन पर पिछले तीन सालों से सफाई व्यवस्था निजी हाथों में है और स्टेशन के प्लेटफार्म पर स्वच्छता व्यवस्था देखने लायक है. हरिद्वार में आए दिन होने वाले स्नान पर्वों और मेलों में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में सफाई कर्मचारियों द्वारा स्टेशन पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है. इस जिम्मेदारी को स्वच्छता कर्मियों ने बखूबी निभाई है. सफाई कर्मचारियों ने अपनी मेहनत और लगन से हरिद्वार रेलवे स्टेशन को देशभर के 10 सबसे साफ रेलवे स्टेशनों में शामिल कराया है.
मुरादाबाद मंडल में पहला स्थान
हरिद्वार रेलवे स्टेशन ने जहां मुरादाबाद मंडल में पहला स्थान प्राप्त किया है, वहीं नॉर्दन रेलवे में यह दूसरे नंबर पर है. स्वच्छ स्टेशन को देखकर यहां आने वाले यात्री खुश होते हैं. रेलवे स्टेशन के अधिकारी भी गदगद हैं और हरिद्वार रेलवे स्टेशन को देश में सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ स्टेशन बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं.
