Spread the love

कार्यालय, जिला सूचना अधिकारी, पौड़ी गढ़वाल

ग्रामीणों और लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की दी गई जानकारी

सूचना/पौड़ी/28 सितंबर, 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के अनुरूप जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और लाभार्थियों को बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र गुठिंडा में आयोजित कार्यक्रम में सुपरवाइजर ने ग्रामीणों एवं लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बाल विकास परियोजना अधिकारी ने पोषण, बच्चों की वृद्धि निगरानी तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताया। आशा कार्यकर्त्री ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की। कार्यक्रम में धात्री महिला को पुष्टाहार भी वितरित किया गया। ग्राम प्रधान ने बाल विकास विभाग की सेवाओं की सराहना की।

इसी क्रम में बाल विकास परियोजना कोट के अंतर्गत 13 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।

वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र कांडई में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेनू देवी एवं जमना देवी, सहायिका रीता देवी एवं अंजू सहित ग्रामीण जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेवाओं एवं बाल विकास से संबंधित जानकारी साझा की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगन मिलन कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ लाभार्थियों को उपलब्ध सेवाओं से जोड़ना है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *