Spread the love


नेटवर्क ने पिछले नौ महीनों में कूरियर चैनलों के माध्‍यम से 475 करोड़ रुपये कीमत का 318 किग्रा. का तस्‍करी वाला सोना ट्रांसपोर्ट किया

PIB Delhi

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संगठित सोना तस्‍करी पर निरंतर कार्रवाई करते हुए, पूरे भारत में फैले सोना तस्‍करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है और लगभग 10.36 करोड़ रुपये कीमत का 6.61 किग्रा. विदेशी तस्‍करी वाला सोना ज़ब्त किया है।

यह सिंडिकेट कूरियर नेटवर्क के माध्‍यम से काम करता था और पिछले नौ महीनों में कूरियर चैनलों के माध्‍यम से 475 करोड़ रुपये का 318 किग्रा. तस्‍करी वाला सोना ट्रांसपोर्ट कर चुका था। एक मास्टरमाइंड समेत ग्यारह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पश्चिम बंगाल और असम में भारत-बांग्लादेश सीमा के माध्‍यम से विदेशी सोने की नियमित तस्‍करी और फिर कूरियर खेप के माध्‍यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में इसके आवागमन के बारे में विशिष्‍ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए, डीआरआई ने 23-24 सितम्‍बर, 2026 को एक समन्वित मल्टी-सिटी अभियान चलाया। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और गुवाहाटी में एक साथ इंटरसेप्शन और सर्च किए गए।

अभियान के दौरान, गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में डिलीवरी के लिए बुक किए गए तस्‍करी वाले सोने से भरे कूरियर खेप को इंटरसेप्ट किया गया। कंसाइनमेंट पाने वालों में से सात को पकड़ा गया, जबकि कोलकाता में कंसाइनर/शिपर के ठिकानों पर एक साथ तलाशी लेने पर तीन और लोगों को पकड़ा गया। त्‍वरित अनुवर्ती कार्रवाई में तस्‍करी वाला सोना भेजने और डिलीवरी करने वाले मास्टरमाइंड में से एक को भी मुंबई में पकड़ लिया गया।

जांच में पता चला कि सिंडिकेट तस्‍करी वाले सोने को कई छोटे कूरियर खेपों में बांट रहा था, ताकि उसे गुवाहाटी और कोलकाता से मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद में अलग-अलग लोगों तक पहुंचाया जा सके और घरेलू बाजारों में बेचा जा सके। कंसाइनर/शिपर और पाने वाले कागजी लोग/व्यक्ति निकले, जिनके पास सोने के लेन-देन से संबंधित कोई वैध दस्‍तावेज नहीं था।  इससे पता चलता है कि तस्‍करी वाले सोने को छिपाने और बांटने के लिए जानबूझकर कूरियर नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया था।

इंटरसेप्‍ट किए गए कंसाइनमेंट से कुल 6.61 किग्रा.विदेशी सोना बार के रूप में बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 10.36 करोड़ रुपये है। इसे सीमा शुल्‍क अधिनियम, 1962 के संबंधित नियमों के तहत ज़ब्त कर लिया गया। इस गिरोह से जुड़े ग्यारह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उल्‍लेखनीय बात यह है कि दस्‍तावेजी साक्ष्‍यों की आरंभिक जांच से पता चला है कि सिंडिकेट का काम बहुत बड़ा है। इस कैलेंडर वर्ष के मात्र नौ महीनों में, लगभग 318 किग्रा. तस्‍करी किया  हुआ सोना, जिसकी कीमत लगभग 475 करोड़ रुपये है, उसी कूरियर-आधारित नेटवर्क के ज़रिए पहले ही ट्रांसपोर्ट और डिलीवर किया जा चुका था। आगे की जांच चल रही है।

यह अभियान आपूर्ति श्रृंखला के हर चरण में संगठित सोना-तस्‍करी नेटवर्क को रोकने पर डीआरआई के निरंतर फोकस को प्रदर्शित करता है। इसमें पूरे देश में तस्‍करी किए गए सोने को वितरित करने के लिए गैर-पारंपरिक लॉजिस्टिक्स और कूरियर चैनल का इस्तेमाल भी शामिल है।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *