Spread the love

रूपा गांगुली

खास बातें

  • भारत की ओर बंगाल से सांसद रूपा गांगुली ने दिया पाक को करारा जवाब
  • कॉन्फ्रेंस में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की अध्यक्षता में पहुंचा था भारतीय दल
  • युगांडा की राजधानी कंपाला में आयोजित की गई थी राष्ट्रमंडल संसदीय कांफ्रेंस
भारत ने शनिवार को राष्ट्रमंडल संसदीय कांफ्रेंस की महासभा में भी पाकिस्तान के दुष्प्रचार का विरोध करते हुए उसे करारा जवाब दिया। युगांडा की राजधानी कंपाला में आयोजित महासभा में भी पाकिस्तान ने कश्मीर को लेकर भारत पर झूठे आरोप लगाने की कोशिश की थी।

लोकसभा सचिवालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, पाकिस्तानी संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने महासभा में कहा कि भारतीय सेना ने कश्मीर पर कब्जा किया था। पाकिस्तान के इस झूठे प्रचार पर भारतीय जनता पार्टी की सांसद रूपा गांगुली ने तत्काल पलटवार किया।

अभिनेत्री से नेता बनी गांगुली ने कहा, सैन्य शासन की परंपरा पाकिस्तान में प्रचलित है। इस्लामाबाद में ही 33 साल तक सैन्य शासन रहा था। उन्होंने कहा, भारत में सैन्य शासन के बारे में कोई नहीं जानता। बता दें कि कंपाला में 22 से 29 सितंबर तक आयोजित 64वीं राष्ट्रमंडल संसदीय कांफ्रेंस हो रही है।

भारतीय दल लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की अध्यक्षता में इस कॉन्फ्रेंस में पहुंचा था। दल में बिड़ला और गांगुली के अलावा लोकसभा में कांग्रेस दल के नेता अधीर रंजन चौधरी, एल हनुमथैया, अपराजिता सारंगी और लोकसभा की महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव शामिल थे।

बता दें कि इस महीने की शुरुआत में, पाकिस्तान ने मालदीव में आयोजित दक्षिण एशियाई वक्ताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान भी कश्मीर मुद्दे को उठाया था। लेकिन, भारत के कड़े विरोध के बाद माले की घोषणा में इसे खारिज कर दिया गया।


Spread the love

By udaen

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *