कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू को मिलेगा पर्यटन का नया स्वरूप, विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार, ज़िलाधिकारी ने ली बैठक
धार्मिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटक सुविधाओं के समन्वय से विकसित होंगे प्रमुख स्थल, जिलाधिकारी ने 20 नवंबर तक मांगे आगणन

कण्वाश्रम की पौराणिक विरासत को मिलेगी कलात्मक पहचान, ताड़केश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
सिरासू टूरिस्ट पार्क का होगा कायाकल्प, पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर
सूचना/पौड़ी/14 नवंबर 2026:
जनपद के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू की है। श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम, ताड़केश्वर मंदिर और यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क को बेहतर पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें तीनों स्थलों की विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखते हुए सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
कण्वाश्रम के विकास को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यहां की पौराणिक कथाओं, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और धार्मिक महत्व को विकास योजना का प्रमुख आधार बनाया जाए, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को इस पावन स्थल की गौरवशाली विरासत से परिचित कराया जा सके। उन्होंने कण्वाश्रम के प्रस्तावित विकास कार्यों का थ्रीडी डिजाइन तैयार करने और पूरे परिसर को कलात्मक एवं आकर्षक स्वरूप देने को कहा।
बैठक में प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बताया गया कि योजना के तहत कैनाल किनारे पहाड़ी पत्थर, बैठने के लिए बेंच, रास्तों का सुधारीकरण, आकर्षक साइनेज, सेल्फी प्वाइंट, सोलर लाइट, शौचालय एवं पेयजल सुविधा तथा प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा पुराने मंदिर और चौकीघाटा क्षेत्र में हट्स एवं घाट विकसित करने की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी तथा सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर 20 नवंबर तक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कण्वाश्रम को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए स्थानीय नागरिकों एवं हितधारकों के सुझाव भी लिए गए।
बैठक में ताड़केश्वर मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया। प्रस्तावित कार्यों में शौचालय एवं दीवारों की मरम्मत, भूमि कटाव प्रभावित स्थानों का सुधारीकरण, पैदल मार्ग का प्राकृतिक शैली में विकास, रेलिंग निर्माण, पेंटिंग तथा आकर्षक साइनेज शामिल हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार को नया स्वरूप देने और लोहे की बेंच के स्थान पर लकड़ी की बेंच लगाने के निर्देश भी दिए गए। वाहन पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा गया। तब तक संबंधित भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करने की कार्रवाई और पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि भगवान शिव के इस पवित्र धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वातावरण का अनुभव होना चाहिए।
पूर्व में जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं, प्राकृतिक परिवेश और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल के रूप में विकसित करने पर चर्चा की गयी थी। इसके पश्चात जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान भी यहां उपलब्ध पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए टूरिस्ट पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में बैठक में पार्क को आकर्षक एवं पर्यटक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण, रेलिंग मरम्मत, बेंच लगाने, शौचालय सुधारीकरण, पाथवे निर्माण, सेल्फी प्वाइंट, विद्युत सौंदर्यीकरण, अस्थायी दुकानों एवं चेंजिंग रूम की व्यवस्था जैसे कार्य प्रस्तावित किए गए। क्षेत्र में वाटर बोट संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई, जिसके लिए संबंधित नगर निकाय से आवश्यक अनुमति प्राप्त की जा सकती है।
सिरासू में पर्यटन विकास को स्थानीय आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि होमस्टे संचालन एवं पर्यटन आधारित रोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए शिविर आयोजित किया गया है। वहीं खंड विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि 20 नवंबर से 20 महिलाओं के लिए मेकअप आर्टिस्ट प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही फोटोग्राफी प्रशिक्षण भी प्रारंभ किया जाएगा। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास प्रस्ताव संबंधित स्थलों की प्राकृतिक विशेषताओं, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू जैसे स्थलों का योजनाबद्ध विकास होने से जनपद के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। साथ ही पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय व्यवसायों, युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र शाह, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, मनोज इष्टवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।
